हाल ही में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ तृणमूल के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी ने अपनी नाराजगी जतायी थी। कालीघाट में अपने घर के सामने से एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने उन्हें जवाब दिया।
शुक्रवार (12 जून) को उन्होंने स्पष्ट रूप से बता दिया कि कल्याण बनर्जी को उनके बारे में बात करने का अधिकार है।
गुरुवार (11 जून) को तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी को एक प्रकार से 'अल्टीमेटम' देते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा था कि अभिषेक अथवा पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर उनमें से किसी एक को उन्हें चुनना होगा। उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी की वजह से पार्टी का सत्यानाश हो गया है।
अगर यह नहीं समझ में आया तो कुछ नहीं किया जा सकता है। दीदी अभिषेक को लेकर ही चलें, मेरी जरूरत नहीं है। अगर अभिषेक से अलग होती हैं तो मैं दीदी के साथ हूं। That's All. इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी से 'फाइनल कॉल' लेने के लिए कहा।
शुक्रवार (12 जून) को अभिषेक बनर्जी ने इसका जवाब देते हुए कहा कि कल्याण बनर्जी को मेरे बारे में बात करने का अधिकार है। उन्होंने मुझे बचपन से पाला है, बड़ा होते हुए देखा है। मैंने उनकी बातों का बुरा नहीं माना। उन्हें कोई घटना बुरी लग सकती है। उन्होंने आगे कहा कि मैं उनका सम्मान करता था और भविष्य में भी करूंगा।