कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के घर पर फिर से CID की टीम पहुंची है। शुक्रवार (12 जून) की शाम को CID की टीम उनके घर पर पहुंची। लेकिन इस बार पहुंचने की वजह कुछ और थी। इस बार चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण देने की शिकायत की जांच के लिए CID की टीम उनके घर पर पहुंची थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी के बयान के खिलाफ बागुईआटी थाना में शिकायत दर्ज करवायी गयी थी। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी विधाननगर कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना ने अपने कंधे पर उठा ली थी। अब मामला CID को सौंप दिया गया है।
बताया जाता है कि इसी मामले का नोटिस देने के लिए ही अभिषेक बनर्जी के घर पर CID की टीम पहुंची थी। लेकिन उस समय अभिषेक बनर्जी अपने घर पर मौजूद नहीं थे।
सूत्रों के मुताबिक CID से कहा गया कि अभिषेक बनर्जी इस समय ममता बनर्जी के घर पर बैठक में शामिल होने के लिए गए हैं। इसलिए शाम को CID वह नोटिस नहीं दे सकी। वे इंतजार कर रहे हैं। संभावना जतायी जा रही है कि अगले सप्ताह उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
Read Also | ममता बनर्जी के कौन से विवादित बयान के खिलाफ पुलिस में दर्ज शिकायत ने बढ़ा दी उनकी मुश्किलें?
शुक्रवार को जिस समय अभिषेक बनर्जी के घर पर CID की टीम पहुंची थी, ठीक उसी समय वहां वकील भी पहुंचे थे। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें इस बाबत कोई जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने के बाद वह इस बारे में बात करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी के 'डीजे' बजाने की धमकी को लेकर शिकायत दर्ज हुई है। इस मामले में ही नोटिस देने के लिए उनके घर पर सीआईडी की टीम पहुंची थी।
अभिषेक बनर्जी ने क्या कहा था?
चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक बनर्जी ने कहा था, '4 तारीख के बाद डीजे बजाया जाएगा।' वह आगे कहते हैं, 'ममता जितनी भी उदार हो...4 तारीख के बाद डीजे बजाया जाएगा...ममता बदला नहीं बदलाव की बात कहती थी। ममता बनर्जी की यह गलती है। 4 तारीख को जवाब दिया जाएगा।' आरोप लगाया गया था कि तत्कालीन विरोधी पार्टी के कार्यकर्ताओं को धमकी देने के लिए ही अभिषेक बनर्जी ने यह बयान दिया था।