नई दिल्ली : ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग पदक विजेता तान्वी पात्री और अभिनव गर्ग आगामी बैडमिंटन एशिया जूनियर (अंडर-19) चैंपियनशिप 2026 में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 26 जून से 5 जुलाई 2026 तक जापान के यत्सुशिरो में आयोजित की जाएगी।प्रतियोगिता के कार्यक्रम के अनुसार, टीम चैंपियनशिप 26 से 30 जून तक खेली जाएगी, जबकि इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धाओं का आयोजन होगा।
पिछले महीने बेंगलुरु में आयोजित ऑल इंडिया अंडर-19 रैंकिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर खिताब जीतने के बाद तान्वी पात्री और अभिनव गर्ग को सीधे भारतीय टीम में स्थान दिया गया। इसके साथ ही प्रत्येक युगल वर्ग की शीर्ष जोड़ी को भी सीधे चयनित किया गया।
युगल वर्ग में सीधे चयन पाने वालों में पुरुष युगल की जोड़ी पुनीत एस और पवन एस, महिला युगल में दिया भीमैयाह बी और बरूनी पार्श्वाल, तथा मिश्रित युगल में पुनीत एस और दीपक राज अदिति शामिल हैं।
शेष खिलाड़ियों का चयन भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) की जूनियर चयन समिति द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार गुवाहाटी स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित चयन ट्रायल के आधार पर किया गया।
कई पदकों की उम्मीद
भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के महासचिव संजय मिश्रा ने टीम के चयन पर विश्वास जताते हुए कहा कि पिछले वर्ष जूनियर विश्व चैंपियनशिप में हमने पहली बार मिश्रित टीम स्पर्धा में पदक जीता था। हमें भरोसा है कि यह जूनियर खिलाड़ी उसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाएंगे। सभी खिलाड़ी अच्छी लय में हैं और हमें उनसे कई पदकों की उम्मीद है।
गौरतलब है कि 2025 के संस्करण में भारत ने बालिका एकल वर्ग में दो कांस्य पदक जीते थे।
भारतीय टीम
लड़कों का एकल
अभिनव गर्ग
देव रूपारेलिया
जगशेर सिंह खंगुरा
ध्यान संतोष
लड़कियों का एकल
तान्वी पात्री
तान्वी रेड्डी अंडलुरी
आदर्शिनी श्री एन. बी.
शाइना मणिमुथु
पुरुष युगल
पवन एस / पुनीत एस
अमरजीत सिंह ख्वैराकपम / दिव्यांश अग्रवाल
महिला युगल
दिया भीमैयाह बी / बरूनी पार्श्वाल
दुर्गा ईशा कंद्रापु / कीर्ति मंचाला
मिश्रित युगल
पुनीत एस / दीपक राज अदिति
ब्योर्न जैसन / डियांका वाल्डिया
भारतीय बैडमिंटन प्रशंसकों को उम्मीद है कि युवा खिलाड़ियों से सजी यह टीम जापान में होने वाली इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पदकों की झड़ी लगाएगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेगी।