वॉशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा तनाव जल्द खत्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले सप्ताहांत में यूरोप में दोनों देशों के बीच शांति समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इसी कारण अमेरिका ने फिलहाल तेहरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला टाल दिया है।
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने बताया कि दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत जारी है और इस प्रक्रिया में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि तेहरान और वॉशिंगटन के बीच हुई प्रगति की जानकारी कतर, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत और पाकिस्तान को भी दे दी गई है।
ट्रंप के अनुसार बातचीत इसलिए आगे बढ़ी क्योंकि ईरान परमाणु हथियार बनाने की योजना से पीछे हटने के लिए तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि हमने ईरान के साथ युद्ध समाप्त कर दिया है। ईरान ने कहा है कि वह न तो परमाणु हथियार बनाएगा और न ही किसी अन्य देश से खरीदेगा। हमारा उद्देश्य भी यही था। समझौता करने के लिए ईरान की ओर से अधिक उत्सुकता दिखाई गई।
हालांकि ईरान की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि ट्रंप ने यह घोषणा करने से लगभग एक घंटे पहले चेतावनी दी थी कि रात में ईरान पर बड़े पैमाने पर हमला किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए थे कि अमेरिका खार्ग द्वीप और अन्य महत्वपूर्ण ईरानी तेल क्षेत्रों को भी अपने नियंत्रण में ले सकता है। ट्रंप ने बताया कि हमले के संभावित लक्ष्यों और बमबारी की योजना पहले से तय कर ली गई थी लेकिन बाद में उन्होंने फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकने का निर्णय लिया।