आज के समय में जहां लोग अपना अधिकांश समय वर्चुअल वर्ल्ड और सोशल मीडिया पर बिताना पसंद करते हैं। वहीं शुक्रवार (12 जून) की शाम को भारत समेत दुनिया भर में अचानक लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक (Facebook), इंस्टाग्राम (Instagram) और Threads के डाउन हो जाने से यूजर्स काफी परेशान हो गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार Meta के दोनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म तकनीकी आउटेज सर्वर डाउन का सामना कर रहे हैं।
इस वजह से यूजर्स को न सिर्फ फोटो या फिर पोस्ट शेयर करने में परेशानी हो रही है बल्कि स्कॉलिंग करने में भी काफी दिक्कतें आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है 12 जून की दोपहर के बाद से ही यूजर्स को अपने-अपने प्रोफाइल में लॉग इन करने और एक्सेस में मुश्किलें आ रही हैं।
इस बारे में यूजर्स X पर अपनी शिकायतें भी दर्ज करवा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार फेसबुक के डाउन होने की अब तक दुनिया भर से 40 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज करवायी जा चुकी है। कोई फेसबुक से खुद ही लॉग आउट हो गया है और दोबारा खुद से लॉग इन नहीं कर पा रहा है तो कोई स्क्रॉल कर रहा था और बीच में ही फेसबुक से अचानक लॉग आउट हो गया।
इसके अलावा इंस्टाग्राम फीड के रिफ्रेश नहीं होने की समस्या भी सामने आयी है। दुनिया भर से बड़ी संख्या में यूजर्स ने फेसबुक और इंस्टाग्राम में मैसेज करने में परेशानी होने की शिकायतें भी दर्ज करवायी हैं।
अचानक फेसबुक हुआ डाउन Image : Samachar EiSamay
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान फेसबुक जैसे बड़े प्लेटफार्म पर आमतौर पर इस तरह की समस्याएं ज्यादा सामने नहीं आयी हैं। अचानक इस समस्या के पैदा होने से यूजर्स में काफी तनाव फैल गया है।
जानकारों का कहना है कि बड़ी तकनीकी कंपनियों के मामले में सर्वर समस्या, नेटवर्क त्रुटिसे लेकर तकनीकी अपडेट जैसी कई समस्याएं होती रहती हैं जिसकी वजह से कुछ देर के लिए यह समस्या पैदा हुई हो सकती है।
इस बारे में Meta अथवा फेसबुक की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गयी है। समाचार लिखे जाने तक Meta के दोनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म डाउन ही थे।