🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

हावड़ा में बनेगी अमूल की सबसे बड़ी फैक्ट्री, अगले सप्ताह हो सकता है शिलान्यास, कब से होगी शुरू?

हावड़ा के सांकराइल में इस फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा है जिसके लिए चहारदीवारी का निर्माण से लेकर सड़क बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है।

By Moumita Bhattacharya, Saurav Nandi

Jun 12, 2026 19:48 IST

हावड़ा में लगेगी अमूल की नई फैक्ट्री। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अगले सप्ताह तक हावड़ा औद्योगिक क्षेत्र में अमूल की फैक्ट्री का शिलान्यास भी हो जाएगा। बताया जाता है कि इस संबंध में सारी तैयारियां कर ली गयी है। पर कहां बनेगी यह फैक्ट्री?

मिली जानकारी के अनुसार हावड़ा के सांकराइल में इस फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा है। फैक्ट्री बनाने के लिए भूमि पर चहारदीवारी का निर्माण से लेकर सड़क बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। जानकारों का कहना है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद उद्योग के मामले में यह पहला बड़ा कदम है। हालांकि अभी तक इस बारे में प्रशासनिक स्तर पर कोई जानकारी नहीं दी गयी है।

भाजपा सूत्रों के हवाले से दावा है कि 14 जून को फैक्ट्री का शिलान्यास होगा। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी मौजूद रहने की संभावना जतायी गयी है। हालांकि जब इस बारे में आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो जाती है, तब तक कुछ भी कहना जल्दबाजी ही होगी।

बता दें, तृणमूल के शासनकाल में ही साल 2025 में BGBS के मंच से अमूल की मुख्य कंपनी 'गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन' के प्रमुख जैन मेहता ने इस निवेश की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि कोलकाता में हम सबसे विशाल दही बनाने की फैक्ट्री बनाएंगे।

Read Also | दुर्गा पूजा से पहले ही बंगाल में कमल के फूलों की बंपर मांग, ऑफ-सीजन भारी डिमांड से बाजार गर्म, क्या है वजह?

यहां दैनिक 10 लाख किलो से अधिक दही का उत्पादन होगा जिसके लिए 15 लाख लीटर दूध की खपत होगी। राज्य में सत्ता परिवर्तित होते ही सांकराइल में वह घोषणा सच साबित होने वाली है। इस वजह से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी सड़क का निर्माण हो रहा है। हम बहुत खुश हैं। विकास हो, कारखाना लगे। हमें रोजगार मिलेगा। हमें तो और कुछ नहीं चाहिए। प्रशासन सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में सिर्फ दुग्ध उत्पादों का उत्पादन ही नहीं होगा बल्कि और कई वस्तुओं का उत्पादन होगा। दावा किया जा रहा है कि शिलान्यास के डेढ़ से 2 सालों के अंदर इस फैक्ट्री को शुरू कर दिया जाएगा।

इस बारे में पांचला के भाजपा नेता रंजन पाल ने कहा कि हम चाहते हैं कि अमित शाह खुद आएं। बंगाल के औद्योगिकीकरण का नया अध्याय शुरू हो रहा है। भविष्य में और भी बड़े निवेश आएंगे। गौरतलब है कि शुक्रवार (12 जून) को ही न्यू टाउन के विश्व बांग्ला कंवेंशन सेंटर में उद्योग को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बंगाल में उद्योगों के लिए आदर्श जगह बनाने की कोशिशें कर रही है। राज्य की वित्तीय विकास के साथ-साथ बेरोजगारी को कम करने और औद्योगिकीकरण का 'त्रिमुखी' नीति सरकार चलाना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने वाम और तृणमूल के शासनकाल में उद्योग को मिले बाधाओं की आलोचना करते हुए बंगाल में टाटा को फिर से वापस लाने की बात भी कही।

Articles you may like: