लुधियाना : भारतीय एथलेटिक्स को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। भारतीय धावक तेजस शिर्से ने 110 मीटर हर्डल्स में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए इतिहास रच दिया। लुधियाना में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे तेजस ने 13.27 सेकंड का शानदार समय निकालकर न केवल अपना ही पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।
तेजस ने 2024 में बनाए गए अपने 13.41 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस स्पर्धा के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का क्वालिफिकेशन मानक 13.39 सेकंड था, जिसे उन्होंने आसानी से पार कर लिया।
शानदार फॉर्म में हैं तेजस शिर्से
तेजस इस पूरे सत्र में बेहतरीन लय में नजर आए हैं। इससे पहले भी वह कई बार अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे थे। पिछले महीने रांची में आयोजित फेडरेशन कप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया था।
2026 में एशियाई एथलीटों के बीच पुरुषों की 110 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में तेजस का 13.27 सेकंड का समय इस वर्ष का छठा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।
रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े तेजस भारतीय हर्डल्स में लगातार नए मानक स्थापित कर रहे हैं। पिछले वर्ष वह पुरुषों की 110 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करने वाले भारत के केवल दूसरे एथलीट बने थे।
रिकॉर्ड के बाद क्या बोले तेजस?
रिकॉर्ड बनाने के बाद तेजस शिर्से ने कहा,"रांची और ताइवान में पोडियम पर पहुंचने के बावजूद मैं कॉमनवेल्थ गेम्स के क्वालिफिकेशन समय से थोड़ा पीछे रह गया था। आज मैंने अपनी मानसिकता बदल ली। मैंने खुद से कहा कि यह एक 'फ्री हिट' है। यहां परफेक्ट शॉट खोजने की जरूरत नहीं है, बस पूरा जोर लगाना है। बिना किसी दबाव के दौड़ा और अपने पैरों को बोलने दिया। मेरी रिकवरी और प्रशिक्षण में लगातार सहयोग देने के लिए रिलायंस फाउंडेशन की पूरी टीम का बड़ा योगदान है। यह उपलब्धि हमारी सामूहिक मेहनत का परिणाम है।"
कोच ने की जमकर सराहना
तेजस के कोच और रिलायंस फाउंडेशन के एथलेटिक्स निदेशक जेम्स हिलियर ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मैं इस प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। पिछले कुछ सप्ताहों के प्रशिक्षण में ही संकेत मिल रहे थे कि वह कुछ बड़ा करने वाले हैं। उन्होंने बेहद मेहनत की है और यह उपलब्धि उसी का परिणाम है। साल की शुरुआत में तेजस चोट से जूझ रहे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की। यह उनके समर्पण और रिलायंस फाउंडेशन की पूरी सपोर्ट टीम की मेहनत का परिणाम है। उम्मीद है कि वह इसी निरंतरता को बनाए रखेंगे और इस वर्ष के बड़े टूर्नामेंटों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में कैसा रहा मुकाबला?
लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 के पहले दिन पुरुषों की 110 मीटर हर्डल्स की रेस-बी में तेजस शिर्से ने +1.6 मीटर प्रति सेकंड की अनुकूल हवा के साथ 13.27 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया।
रिलायंस फाउंडेशन के ही एक अन्य एथलीट कृषिक एम 13.55 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि राजस्थान के माधवेंद्र सिंह ने 14.00 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
दिल्ली के हरमनजीत सिंह 14.42 सेकंड के साथ चौथे स्थान पर रहे। हरियाणा के शिवदर्शन ने 14.65 सेकंड में दौड़ पूरी कर पांचवां स्थान हासिल किया। भारतीय वायुसेना के तरुणदीप सिंह भाटी 15.01 सेकंड के साथ छठे और ऑल इंडिया पुलिस के सचिन कुमार 15.48 सेकंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे।
रेस-ए में पंकज पाल साहू रहे विजेता
रेस-ए में पंजाब के पंकज पाल साहू ने +1.0 मीटर प्रति सेकंड की हवा की मदद से 14.65 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया।
दिल्ली के शुभम रावत 14.77 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बलराम शर्मा ने 14.85 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। राजस्थान के मुकुल चौथे स्थान पर रहे और उत्तर प्रदेश के शिवम सिंह पांचवें स्थान पर रहे।
अब कॉमनवेल्थ गेम्स टीम में जगह बनाने पर नजर
24 वर्षीय तेजस शिर्से के लिए यह उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद अब उनकी नजर इस महीने के अंत में भुवनेश्वर में होने वाली अंतर-राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप पर होगी। वहां अच्छा प्रदर्शन कर वह भारतीय टीम में अपनी जगह और मजबूत करना चाहेंगे तथा कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए अंतिम चयन सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे।