🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

ब्राजील में बंजी जंपिंग हादसा: सुरक्षा रस्सी न बंधने से 21 वर्षीय युवती की मौत

ब्राजील बंजी जंपिंग दुर्घटना पर मचा बवाल, सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल

ब्रासीलिया : ब्राजील में बंजी जंपिंग के दौरान हुई कथित लापरवाही ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि पुल से छलांग लगाने के समय कर्मचारियों ने एक युवती के शरीर पर सुरक्षा उपकरण और बंजी रस्सी बांधना ही भूल गए, जिसके कारण वह लगभग 130 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान 21 वर्षीय मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार को ब्राजील के साओ पाउलो क्षेत्र में हुई। मामले में पुलिस ने बंजी जंपिंग संचालित करने वाली कंपनी के छह कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद सुरक्षा मानकों को लेकर व्यापक बहस छिड़ गई है।

इस हादसे का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुल पर मौजूद एक व्यक्ति जोर से चिल्लाते हुए कहता है, “रस्सी... अरे, रस्सी को देखो” लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मारिया नीचे गिर चुकी थी और कुछ ही क्षणों में दुर्घटना घट गई।

सूचना मिलने के बाद बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और युवती को निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बंजी जंपिंग से कुछ मिनट पहले ही मारिया ने सोशल मीडिया पर पुल और अपने हाथ में पहने जंप रिस्टबैंड की तस्वीर साझा की थी। उनका यह अंतिम पोस्ट अब इंटरनेट पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।

हादसे के समय मारिया के मंगेतर भी पुल पर मौजूद थे। अपनी आंखों के सामने यह दर्दनाक घटना देखने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

इस घटना के बाद पर्यटन स्थलों पर साहसिक खेलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। लिमेइरा के महापौर मुरिलो फ्लिक्स ने कहा है कि इस मामले को लेकर ब्राजील सरकार के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।

पुलिस फिलहाल कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की संभावित लापरवाही और बंजी जंपिंग से जुड़े सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल की विस्तृत जांच कर रही है।

Articles you may like: