वॉशिंगटन/कराकास : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वेनेजुएला के कुख्यात अपराधी और ड्रग माफिया सरगना निनो गुएरेरो के खिलाफ हुई कार्रवाई का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया मंच पर साझा किया है। निनो गुएरेरो को वेनेजुएला के संगठित अपराध जगत के प्रमुख चेहरों में गिना जाता है और वह ट्रेन दे आरागुआ नामक अपराध नेटवर्क का नेता बताया जाता है। अमेरिका ने इस संगठन को प्रतिबंधित और खतरनाक आपराधिक समूहों की श्रेणी में रखा हुआ है।
ट्रम्प द्वारा साझा किए गए वीडियो में हरे रंग की छत वाले एक मकान को दिखाया गया है, जो एक बेहद शक्तिशाली विस्फोट के बाद कुछ ही क्षणों में पूरी तरह ध्वस्त हो जाता है। वीडियो को लेकर दावा किया गया है कि यह कार्रवाई निनो गुएरेरो और उसके नेटवर्क को निशाना बनाकर की गई थी।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रम्प ने लिखा कि जब तक वह पद पर है तब तक ट्रेन दे आरागुआ के सदस्यों को वेनेजुएला या दुनिया के किसी भी अन्य हिस्से में सुरक्षित ठिकाना नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि हत्या, मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े ऐसे लोगों को अमेरिका कहीं भी और कभी भी निशाना बनाने की क्षमता रखता है।
ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि इस लक्षित अभियान में वेनेजुएला ने अमेरिका के साथ सहयोग किया। वेनेजुएला सरकार के अनुसार उसने इस अपराध नेटवर्क के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए अमेरिकी एजेंसियों के साथ खुफिया सूचनाएं और कुछ तकनीकी जानकारियां साझा की थीं। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और अपराध गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ भी हुई।
निनो गुएरेरो को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक कुख्यात अपराधी माना जाता है। उसके खिलाफ कई गंभीर आरोपों के मामले वर्षों से चल रहे थे। न्यूयॉर्क की एक अदालत भी विभिन्न मामलों में उसके खिलाफ निर्णय सुना चुकी है। ये कानूनी प्रक्रियाएं एक दशक से अधिक समय तक चलती रही थीं।
मादक पदार्थों और प्रतिबंधित ड्रग्स की तस्करी कर उन्हें अमेरिकी बाजार तक पहुंचाने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्कों में ट्रेन दे आरागुआ को प्रमुख संगठनों में गिना जाता है। जांच एजेंसियों के अनुसार यह गिरोह सीमा पार अपराध, तस्करी, अवैध वसूली और संगठित हिंसा जैसी गतिविधियों से जुड़ा रहा है।
डोनाल्ड ट्रम्प अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्कों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात करते रहे हैं। उनके प्रशासन ने कई मौकों पर समुद्री मार्ग से छोटे जहाजों और नौकाओं के जरिए अमेरिका में मादक पदार्थ पहुंचाने के प्रयासों को विफल करने तथा ऐसे तस्करी नेटवर्कों के खिलाफ अभियान चलाने का दावा किया है।