🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

केंद्र सरकार ने EPF ब्याज दर को दी मंजूरी, PF खाते में कितना और कब आएगा ब्याज?

नए डिजिटल इकोसिस्टम का उपयोग करके इस प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक तेजी से पूरा करने की योजना बनाई जा रही है।

By Moumita Bhattacharya

Jun 18, 2026 20:24 IST

अगर आप नौकरीपेशा हैं और कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) में रुपए जमा करते हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF जमा पर 8.25 प्रतिशत की ब्याज दर को केंद्र सरकार ने अंतिम मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी के साथ ही अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) सदस्यों के खातों में ब्याज राशि जमा करने की प्रक्रिया को भी शुरू किया जा सकेगा।

लेकिन कब तक ब्याज की राशि सभी EPFO सदस्यों के खाते में जमा हो जाएगा? न्यूज एजेंसी PTI से मिली जानकारी के अनुसार इसी महीने में ब्याज की यह राशि खातों में जमा हो सकती है।

बता दें, इस ब्याज दर को सबसे पहले EPFO की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने मंजूरी दी थी। 2 मार्च को केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई बैठक में 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को स्वीकृति दी गई थी। हालांकि EPF जमा पर गारंटी केंद्र सरकार की होती है। इसलिए वित्त मंत्रालय की मंजूरी आवश्यक थी। अब यह मंजूरी मिलने के बाद ब्याज जमा करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

Read Also | पेट्रोल पंपों पर भीड़ कम करने की कवायद, सरकार बोली- ईंधन भरपूर, बस खरीदने का तरीका बदलिए

पीटीआई सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि श्रम मंत्रालय जल्द ही EPFO को सदस्यों के खातों में ब्याज राशि जमा करने का निर्देश दे सकता है। नए डिजिटल इकोसिस्टम का उपयोग करके इस प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक तेजी से पूरा करने की योजना बनाई जा रही है। आवश्यक मंजूरी और प्रोसेसिंग पूरी होते ही ब्याज की राशि सीधे खातों में जमा कर दी जाएगी।

इसके लिए EPF उपभोक्ताओं को किसी अलग आवेदन या कार्रवाई की आवश्यकता नहीं होगी। ब्याज की राशि खुद ही उनके खातों में जमा हो जाएगी।

क्यों नहीं बदला गया EPF ब्याज दर?

वित्त वर्ष 2024-25 में भी EPF पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दिया गया था। इससे पहले वित्त वर्ष 2023-24 में ब्याज दर 8.15 प्रतिशत से बढ़ाकर 8.25 प्रतिशत की गई थी। लगातार तीसरे वित्तीय वर्ष के लिए EPFO ने ब्याज दर को समान बनाए रखा है। माना जा रहा है कि बड़े आर्थिक परिदृश्य में ब्याज दरों में बदलाव के बावजूद ग्राहकों को स्थिर रिटर्न सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

पिछले कुछ वित्तीय वर्षों में EPF ब्याज दर

• 2024-25 : 8.25%

• 2023-24 : 8.25%

• 2022-23 : 8.15%

• 2021-22 : 8.10%

• 2020-21 : 8.50%

• 2019-20 : 8.50%

• 2018-19 : 8.65%

• 2017-18 : 8.55%

• 2016-17 : 8.65%

• 2015-16 : 8.80%

• 2014-15 : 8.75%

• 2013-14 : 8.75%

• 2011-12 : 8.25%

Read Also | शुभेंदु अधिकारी से थलपति विजय तक : देश के किस मुख्यमंत्री को मिलता है कितना वेतन? साथ में मिलती हैं ये सरकारी सुविधाएं

बता दें, निजी क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए PF एक अनिवार्य सरकारी बचत योजना है। प्रत्येक कर्मचारी को अपनी बेसिक सैलरी का 12% हिस्सा इसमें जमा करना पड़ता है। कंपनी भी इतना ही हिस्सा कर्मचारी के खाते में जमा करती है। EPF खाते में जमा रकम पर ब्याज मिलता है। अगर आपके खाते में 1 लाख रुपया जमा है तो आपको करीब ₹8250 ब्याज मिलेगा।

Articles you may like: