पश्चिम बंगाल सरकार की सबसे चर्चित परियोजनाओं में से एक 'अन्नपूर्णा योजना' के लिए आवेदन की प्रक्रिया कल (1 जून) से शुरू हो चुकी है। जरूरतमंद महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की दिशा में उठाया गया यह एक बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को प्रति माह ₹3000 की वित्तीय मदद पहुंचायी जाएगी। अन्नपूर्णा योजना के लिए ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किए जा सकते हैं।
खास बात है कि अन्नपूर्णा योजना का फॉर्म उन सभी लाभार्थियों को भी भरना होगा, जिनको पूर्व की तृणमूल सरकार के समय में लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ मिलता था। 11 पन्नों के इस फॉर्म में न सिर्फ आवेदक बल्कि आवेदक के परिवार और उनकी संपत्ति से जुड़ी सारी जानकारियां भी विस्तृत रूप से भरना पड़ेगा।
अन्नपूर्णा भंडार योजना के फॉर्म में कौन-कौन से सवालों का जवाब देना पड़ेगा और फॉर्म को भरते समय कौन से दस्तावेजों को अपने पास रखना बेहद आवश्यक होगा? जानने के लिए हमारा यह आर्टिकल जरूर पढ़ें :-
अन्नपूर्णा योजना का लाभ उठाने के लिए आवश्यक योग्यताएं
- अन्नपूर्णा योजना का लाभ सिर्फ और सिर्फ पश्चिम बंगाल में रहने वाली महिलाओं को ही मिलेगा।
- आवेदक महिलाओं की आयु 25 से 60 साल के बीच होना आवश्यक है।
- आवेदक महिला केंद्रीय या पश्चिम बंगाल सरकार की कर्मचारी नहीं होनी चाहिए।
- आवेदक महिला नियमित वेतनभोगी, सरकारी अनुदानप्राप्त किसी संस्था में नौकरी, पंचायत या नगर पालिका में कार्यरत नहीं होनी चाहिए।
- राज्य सरकार से अनुदान प्राप्त किसी शैक्षणिक संस्था में शिक्षिका अथवा गैर-शिक्षा कर्मी के तौर पर कार्यरत नहीं होनी चाहिए।
- आवेदक महिला आयकर जमा न करती हो।
- आवेदक महिला का बैंक अकाउंट आधार कार्ड के साथ लिंक जरूर हो।
अन्नपूर्णा योजना का आधिकारिक पोर्टल Samachar Ei Samay
अन्नपूर्णा योजना का फॉर्म ऑफलाइन माध्यम से कैसे भरे?
प्रभात खबर की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार जो महिलाएं ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म जमा करना चाहती हैं वे बड़ी आसानी यह फॉर्म जमा कर सकती हैं। यह फॉर्म हिंदी, इंग्लिश और बांग्ला तीन भाषाओं में उपलब्ध है।
- सबसे पहले ऑनलाइन आधिकारिक पोर्टल अथवा अपने नजदीकी ब्लॉक ऑफिस (BDO), नगर पालिका मुख्यालय या पंचायत ऑफिस से अपनी पसंद की भाषा में निःशुल्क 11 पन्नों का यह फॉर्म लें।
- 15 से 17 जून तक राज्य सरकार विभिन्न इलाकों में 'जनकल्याण शिविर' का भी आयोजन करेगी जहां से महिलाएं फॉर्म ले सकती हैं।
- अन्नपूर्णा योजना का फॉर्म साफ और स्पष्ट शब्दों में काली अथवा नीली स्याही वाली कलम से भरे।
- साथ में आवश्यक दस्तावेज की फोटोकॉपी दें।
- अच्छी तरह से भरे फॉर्म को स्थानीय ब्लॉक ऑफिस या नगर पालिका ऑफिस में निर्धारित काउंटर पर जमा कर सकती हैं।
- फॉर्म जमा करने के बाद एक्नॉलेजमेंट स्लिप लेना बिल्कुल न भूलें। इसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।
ऑनलाइन माध्यम से कैसे भरे अन्नपूर्णा योजना का फॉर्म?
- सबसे पहले आधिकारिक अन्नपूर्णा योजना पोर्टल पर जाएं।
- अपना मोबाइल नंबर डालकर कैप्चा भरें और अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर करें।
- पसंद की भाषा में फॉर्म को डाउनलोड करें या ऑनलाइन आवेदन पर क्लिक करें।
- अब फॉर्म को सावधानीपूर्वक पढ़ते हुए अच्छी तरह से भरें।
- आवश्यक डॉक्यूमेंट्स की स्कैन्ड कॉपी अपलोड करें।
- निर्धारित स्थान पर अच्छी तरह से भरा हुआ फॉर्म सबमीट कर दें।
कब तक कर सकेंगे आवेदन?
अन्नपूर्णा योजना का फॉर्म ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से 1 जून से भरना शुरू हो चुका है। अगले 90 दिनों तक इस फॉर्म को भरा जा सकेगा।
आवेदन करने की प्रक्रिया पूरी तरह से निःशुल्क है। अगर फॉर्म भरने में कोई भी समस्या आती है तो आपके इलाके के विधायक और निकाय कर्मचारी आपकी मदद करने के लिए आपके घर तक आएंगे।