🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आईपीएल 2026 में पांच युवा खिलाड़ी निकले धुरंधर, एक को तो आ गया टीम इंडिया से बुलावा

वैभव सूर्यवंशी, साकिब हुसैन, कूपर कोनोली, अंगकृष रघुवंशी और प्रिंस यादव ने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित किया। इनमें से प्रिंस यादव को आया भारतीय टीम से भी बुलावा।

By लखन भारती

Jun 02, 2026 11:37 IST

आईपीएल 2026 सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लगातार दूसरे खिताब के लिए ही याद नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी यादगार रहेगा जिन्होंने पूरे सीजन अपने प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा। किसी ने बल्ले से रन बरसाए तो किसी ने गेंद से विरोधी बल्लेबाजों को परेशान किया।

वैभव सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड्स की लगा दी झड़ी

राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस सीजन के सबसे बड़े आकर्षण रहे। युवा बल्लेबाज ने 16 मैचों में 237 के शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 72 छक्के जड़े और आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव का आक्रामक अंदाज पूरे सीजन चर्चा में रहा।

साकिब हुसैन ने गेंद से बिखेरा जलवा

बिहार के गोपालगंज से आने वाले साकिब हुसैन ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए अपनी तेज गेंदबाजी से प्रभावित किया। डेब्यू मैच से ही उन्होंने सुर्खियां बटोरनी शुरू कर दी थीं। साकिब ने आईपीएल 2026 में 11 मुकाबले खेले और 15 विकेट हासिल किए। उनकी लगातार प्रभावी गेंदबाजी ने उन्हें उभरते हुए गेंदबाजों की सूची में शामिल कर दिया।

कूपर कोनोली का शानदार आगाज

पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले 22 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कोनोली ने भी इस सीजन अपनी छाप छोड़ी। उन्होंने 14 मैचों में 163 के स्ट्राइक रेट से 491 रन बनाए। कोनोली ने अपने डेब्यू मुकाबले में 44 गेंदों पर 72 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा वह सीजन में एक शतक लगाने में भी सफल रहे।

अंगकृष रघुवंशी ने मुश्किल हालात में दिखाया दम

कोलकाता नाइट राइडर्स का सीजन भले ही उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन अंगकृष रघुवंशी ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 13 मुकाबलों में 42 की औसत और 146 के स्ट्राइक रेट से 422 रन बनाए। टीम पर दबाव की परिस्थितियों में भी अंगकृष ने जिम्मेदारी निभाते हुए महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।

प्रिंस यादव को मिला टीम इंडिया का बुलावा

लखनऊ सुपर जाएंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने अपनी गति और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। उन्होंने 14 मैचों में 16 विकेट लिए और पूरे सीजन प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारतीय टीम से बुलावे के रूप में मिला। प्रिंस ने इस सीजन विराट कोहली को गोल्डन डक पर आउट करके भी खास पहचान बनाई।

आईपीएल 2026 ने एक बार फिर साबित किया कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देता है, और इस सीजन इन पांच खिलाड़ियों ने उस अवसर का भरपूर फायदा उठाया।

Articles you may like: