नई दिल्ली : भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने जापान के काकामिगाहारा में आयोजित महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पूल-ए के दूसरे मुकाबले में कोरिया को 3-1 से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
नौशीन नाज़, श्रुति कुमारी और किरण एक्का के गोलों की बदौलत भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय बरकरार रखी। इससे पहले भारत ने अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को हराकर अभियान की सफल शुरुआत की थी।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम आक्रामक अंदाज में नजर आई। पहले क्वार्टर में भारत को एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला। चौथे मिनट में नौशीन नाज़ ने शानदार संयम दिखाते हुए इस अवसर को गोल में तब्दील कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।
पहले गोल के बाद भी भारतीय टीम ने गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा और लगातार कोरियाई रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाती रही। दूसरे क्वार्टर में भारत को अपनी मेहनत का फल मिला। 21वें मिनट में श्रुति कुमारी ने शानदार फील्ड गोल दागते हुए टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। इस गोल के साथ भारत ने हाफ टाइम तक 2-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।
मध्यांतर के बाद कोरिया ने वापसी की कोशिश की। तीसरे क्वार्टर में 41वें मिनट पर ग्योंगमिन रियू ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया और मुकाबले में रोमांच वापस ला दिया।
हालांकि भारतीय टीम ने जल्द ही स्थिति पर दोबारा नियंत्रण स्थापित कर लिया। 43वें मिनट में किरण एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक गोल में बदलते हुए भारत की बढ़त 3-1 कर दी। उनके इस गोल ने कोरिया की वापसी की उम्मीदों को लगभग समाप्त कर दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए किरण एक्का को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।
अंतिम क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया और कोरिया को कोई अतिरिक्त गोल करने का मौका नहीं दिया। भारतीय रक्षा पंक्ति ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए बढ़त को अंत तक कायम रखा।
आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत को मैच के दौरान चार पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जबकि कोरिया केवल दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर सका।
मलेशिया और कोरिया के खिलाफ लगातार दो जीत के साथ भारतीय टीम अब पूल-ए की अंक तालिका में छह अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। टीम अब 2 जून को अपने अंतिम पूल मुकाबले में सिंगापुर का सामना करेगी और अपनी विजयी लय को बनाए रखने का प्रयास करेगी।