शिमला : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों और चालक सहित कुल आठ पर्यटक लापता हो गए हैं। यह हादसा शुक्रवार रात उस समय हुआ जब पर्यटकों से भरी एक गाड़ी अचानक नियंत्रण खोकर गहरी खाई में गिर गई। घटना की जानकारी शनिवार को सामने आई जिसके बाद इलाके में बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।
यह दुर्घटना चंबा जिले के चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर कालाबन इलाके के पास हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार लापता पर्यटक बेंगलुरु और छत्तीसगढ़ से संबंधित हैं। ये सभी लोग छुट्टियां मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के डलहौजी आए थे। बताया गया है कि बेंगलुरु से आए एक परिवार ने बर्फीले पहाड़ी इलाकों की यात्रा के लिए डलहौजी से एक टैक्सी किराए पर ली थी। बाद में डलहौजी में ठहरे एक अन्य पर्यटक परिवार के साथ उन्होंने वाहन साझा किया था।
शुक्रवार को सभी यात्री बैरागढ़-किलाड़ मार्ग से साच पास होते हुए यात्रा पर निकले थे तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। गाड़ी के गहरी खाई में गिरने के बाद से अब तक किसी भी यात्री का पता नहीं चल पाया है।
बचाव कार्य में लगातार कठिनाइयां आ रही है क्योंकि दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में है और वहां मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद राहत एवं बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि चंबा क्षेत्र में एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है, जिसमें आठ लोग सवार थे। उन्होंने लापता यात्रियों के परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया है। फिलहाल, प्रशासन और बचाव दल की ओर से खोज अभियान जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।