शिमला : हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल कसोल में एक स्थानीय युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है, जिसमें एक पर्यटक पर गंभीर आरोप लगे हैं। यह घटना शनिवार शाम लगभग 6 बजे एक प्रसिद्ध होटल के सामने हुई। पुलिस ने मामले में चार पर्यटकों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय स्थानीय लोगों और पर्यटकों के दो समूहों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान एक पर्यटक ने कथित रूप से बंदूक निकालकर गोली चला दी, जिससे स्थानीय युवक के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
यह पूरी घटना होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में यह भी देखा गया कि पार्किंग क्षेत्र से एक घायल युवक को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा था, जबकि इसी दौरान आरोपी पर्यटक दोबारा हथियार लोड कर फायरिंग करने की कोशिश करता दिखाई देता है। हालांकि उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने उसे रोक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कुल्लू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के चार पर्यटकों को हिरासत में लिया है।
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (29), अमन रंधावा (22), सुखमनदीप सिंह (17) और करनदीप सिंह (22) के रूप में हुई है, जो सभी पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, इस घटना में एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जो अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है। साथ ही घटनास्थल से एक आग्नेयास्त्र भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।