लखनऊ : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शनिवार को एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की कथित रूप से बेहद निर्मम हत्या का मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी युवक का बच्चे की माँ के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि बच्चा उनके संबंधों के रास्ते में बाधा माना जा रहा था। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, रति देवी एक स्थानीय विद्यालय में शिक्षिका हैं। उनके और उनके पति के बीच तलाक का मामला अदालत में लंबित है। वह अपने डेढ़ वर्षीय बेटे आरव के साथ अलग रह रही थीं।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उनकी मुलाकात जितेंद्र पाठक उर्फ विराज से हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्रेम संबंध विकसित हो गए। आरोप है कि रति देवी अपने बेटे के कारण दोबारा विवाह के लिए सहमत नहीं हो रही थीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले रति देवी अपने बेटे को लेकर अपनी मौसी के घर गई थीं। इसकी जानकारी मिलने पर विराज भी वहां पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, उसने आरव को टॉफी दिलाने का लालच देकर एक सुनसान स्थान पर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्चे को उठाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चा खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रति देवी और उनके परिजन वहां पहुंचे। गंभीर रूप से घायल आरव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आरोपी विराज की गिरफ्तारी के लिए शिकोहाबाद थाना पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी और जांच की जा रही है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है कि बच्चे की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।