बेंगलुरुः कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर जारी राजनीतिक गतिविधियों के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार को लेकर एक दिलचस्प भविष्यवाणी सामने आई है। प्रसिद्ध ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी का कहना है कि यदि शिवकुमार मुख्यमंत्री बनते हैं तो उनका कार्यकाल लंबा और प्रभावशाली रहेगा। उन्होंने यहां तक दावा किया है कि शिवकुमार सिर्फ एक बार के मुख्यमंत्री नहीं होंगे, बल्कि लंबे समय तक राज्य की राजनीति में प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
डी.के. शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावनाओं के बीच ज्योतिषी ने उनके शपथ ग्रहण के लिए तीन संभावित तिथियां भी सुझाई हैं। उनके मुताबिक 31 मई, 5 जून और 6 जून मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए शुभ दिन हो सकते हैं।
द्वारकानाथ गुरुजी ने कहा कि शिवकुमार की कुंडली बेहद मजबूत है और उन्हें कांग्रेस नेतृत्व का पूरा समर्थन मिलेगा। उनके अनुसार शिवकुमार कर्नाटक की राजनीति में लंबी पारी खेलने वाले नेता साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसे नेता नहीं हैं जो थोड़े समय के लिए सत्ता में रहें, बल्कि उनके पास लंबे समय तक नेतृत्व करने की संभावनाएं हैं।
ज्योतिषी ने यह भी कहा कि शिवकुमार के नेतृत्व में कर्नाटक विकास की नई दिशा में आगे बढ़ सकता है। उनका मानना है कि कांग्रेस नेता के पास राज्य के विकास को लेकर स्पष्ट सोच और दूरदृष्टि है, जिसका फायदा जनता को मिल सकता है।
भविष्य की राजनीति को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा किया। गुरुजी के अनुसार डी.के. शिवकुमार 2028 के विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल कर सकते हैं और सत्ता में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके सामने बड़ी जिम्मेदारियां हैं और उन्हें पहले इनका सफलतापूर्वक निर्वहन करना होगा। इसके बाद अगले कार्यकाल में वह मुख्यमंत्री पद का पूरा आनंद उठा सकते हैं।
इस बीच कर्नाटक में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद मंत्रिमंडल भी भंग कर दिया गया है। नई सरकार के गठन और नेतृत्व को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेता लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं।
इसी क्रम में कांग्रेस विधायक दल की बैठक शनिवार शाम चार बजे बेंगलुरु स्थित विधान सभा के सम्मेलन कक्ष में बुलाई गई है। इस बैठक में विधायक अपने नए नेता का चुनाव करेंगे, जिसके बाद राज्य की नई सरकार के गठन की दिशा साफ हो जाएगी।