कोलकाता में 29 मई (शुक्रवार) की दोपहर को अचानक आए तूफान, बारिश और वज्रपात ने महानगर समेत सॉल्टलेक व आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचायी। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भी आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
इन हादसों में कम से कम 7 लोगों के मरने की जानकारी मिली है। इस बारे में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपया का मुआवजा दिया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने बताया कि तूफान, बारिश और वज्रपात की वजह से कोलकाता समेत राज्य के कई इलाके प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 7 लोगों की मौत की खबर मिली है। आंधी, बिजली का झटका लगना, घर टूट कर गिरने और वज्रपात जैसी अलग-अलग घटनाओं में इन लोगों की जान गई है।
Read Also | कुछ मिनट की आंधी ने मचायी तबाही : टूटे पेड़, बिजली के झटके से गयी जान, मौसम की सबसे तेज कालवैशाखी
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुआवजे की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और स्थानीय विधायक जल्द से जल्द यह राशि प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
सिर्फ मृतक ही नहीं बल्कि प्राकृतिक आपदा में घायलों को भी मुआवजा देने की घोषणा शुभेंदु अधिकारी ने की। हालांकि घायलों को कितना मुआवजा दिया जाएगा इस बारे में उन्होंने कोई खुलासा नहीं किया। उन्होंने बताया कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, मिदनापुर और पुरुलिया जिलों से सबसे ज्यादा नुकसान की खबरें आई हैं। कोलकाता नगर निगम क्षेत्र और विधाननगर भी काफी क्षति हुई है। सड़कों से पेड़ और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। राहत और सफाई कार्य की निगरानी नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल कर रही हैं।