भोपालः नोएडा निवासी त्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत से जुड़े दहेज उत्पीड़न मामले में जांच अब और तेज हो गई है। भोपाल जिला अदालत ने शुक्रवार को पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 2 जून तक CBI रिमांड पर भेज दिया। अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को दोनों आरोपियों से पांच दिनों तक पूछताछ करने की अनुमति दी है।
विशेष न्यायाधीश शोभना भालावे की अदालत में CBI ने गिरिबाला सिंह की पांच दिन की रिमांड और समर्थ सिंह की हिरासत बढ़ाने की मांग की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एजेंसी को पूछताछ की अनुमति दे दी।
मामले की सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह के वकील ने अदालत में कहा कि उन्हें CBI की रिमांड मांग पर कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जांच एजेंसी की हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
Read also| त्विशा शर्मा केस: सीबीआई ने कस्टडी बढ़ाने के लिए कोर्ट में लगाई अर्जी
यह मामला उस समय और गंभीर हो गया जब गुरुवार को CBI ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इससे एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। हाईकोर्ट ने 15 मई को भोपाल की 10वीं अतिरिक्त सत्र अदालत द्वारा दी गई राहत को निरस्त कर दिया था।
त्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई को उसकी मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद लगातार दहेज को लेकर दबाव बनाया जा रहा था।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और दहेज निषेध अधिनियम 1961 के तहत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। गिरिबाला सिंह पर दहेज मृत्यु, महिला के साथ क्रूरता और साझा साजिश से जुड़े आरोप दर्ज हैं। इसके अलावा दहेज निषेध कानून की धाराओं में भी मामला दर्ज किया गया है।
CBI अब दोनों आरोपियों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि त्विशा शर्मा की मौत से पहले घर के भीतर क्या परिस्थितियां थीं और क्या दहेज प्रताड़ना के आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।
इस मामले ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों में व्यापक चर्चा पैदा कर दी है। एक पूर्व न्यायाधीश का नाम सामने आने और हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है।
जांच एजेंसी अब कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल सबूत, पारिवारिक बातचीत और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में CBI इस मामले में और लोगों से पूछताछ कर सकती है।