🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

हमीरपुर हादसे का CM योगी ने लिया संज्ञान, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख के मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।

By लखन भारती

May 29, 2026 15:21 IST

लखनऊः उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल गिरने से पांच मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लिया है और मौके पर तत्काल राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये के आर्थिक मुआवजे का ऐलान किया है।

हमीरपुर हादसे पर सीएम ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है। सीएम योगी ने इस घटना के बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और हादसे में हुई जनहानि पर पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जाहिर की है। सीएम योगी ने प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

हमीरपुर हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख

सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लेते हुए कहा 'जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन को SDRF के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेजी से संचालित करने हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'

आंधी तूफान से निर्माणाधीन पुल गिरा

बता दें कि हमीरपुर में गुरुवार-शुक्रवार की रात आए तेज आंधी-तूफान में बेतवा नदीं पर बन रहा पुल का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे की चपेट में पुल के नीचे सो रहे कई मजदूर आ गए, जिसमें पांच की मौत हो गई जबकि मजदूरों के अब भी फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

ये पुल थाना लालपुर के मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने के लिए बन रहा था। बताया जा रहा है कि तेज आंधी और तूफ़ान की वजह से ये हादसा हुआ। आरोप लग रहे हैं कि पुल के निर्माण कार्य में भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं थे। जिसके बाद पुल के निर्माण को लेकर भी कई तरह के सवाल उठने लगे हैं कि कैसे एक पुल आंधी-तूफान की मार को झेल नहीं पाया।

हादसे के बाद घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। मलबे में अभी और लोगों के भी दबे होने की आशंका है। ख़बर के मुताबिक इस हादसे में मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

Articles you may like: