ओटावा : कनाडा के नायाग्रा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना में 22 वर्षीय भारतीय छात्रा की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृत छात्रा का नाम विधि कल्पेशभाई मेघानी बताया गया है। वह मूल रूप से भारत के गुजरात राज्य के आनंद जिले की रहने वाली थी और पिछले चार वर्षों से कनाडा में रहकर कानून (लॉ) की पढ़ाई कर रही थी। साथ ही वह पार्ट-टाइम नौकरी भी कर रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह कनाडा में स्थायी निवास के लिए आवेदन करने की तैयारी में थी। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
यह घटना लगभग दो सप्ताह पहले यानी 15 मई की बताई जा रही है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार नायाग्रा क्षेत्र में रहने वाली विधि कल्पेशभाई मेघानी सुबह अपने घर से बाहर निकली ही थीं कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की जानकारी उनके परिवार को कई दिनों बाद भारत में दी गई। परिवार को पहले इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनकी बेटी की हत्या हो चुकी है। 16 मई के बाद से जब विधि कल्पेशभाई मेघानी का फोन बंद आने लगा, तो परिवार ने सोचा कि वह पढ़ाई और काम में व्यस्त होंगी। कनाडा पुलिस ने भारत में परिवार को सूचना देने में देरी क्यों की, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है। शोक में डूबे परिवार को यह भी जानकारी नहीं है कि शव का अंतिम संस्कार कैसे और कब किया जाएगा।
पिछले कुछ वर्षों में कनाडा में भारतीय छात्रों पर हमले और उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के कई मामले सामने आए हैं। हाल ही में इस तरह की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है, जिनमें कुछ छात्रों की मौत गोलीबारी, दुर्घटना या अन्य संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। वर्ष 2024 के दिसंबर में हर्षदीप सिंह की एडमॉन्टन में सुरक्षा गार्ड की नौकरी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में विधि कल्पेशभाई मेघानी को विशेष रूप से निशाना बनाया गया था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।