🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर ट्रंप को खास सम्मान देने की तैयारी: क्या उनकी तस्वीर व हस्ताक्षर वाला 250 डॉलर नोट आएगा?

अमेरिकी कानून के अनुसार किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर मुद्रा नोट पर नहीं छापी जा सकती, इसीलिए कानून बदलना पड़ेगा। कांग्रेस की मंजूरी होगी जरूरी।

By डॉ. अभिज्ञात

May 28, 2026 20:39 IST

वॉशिंगटनः अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाले 250 अमेरिकी डॉलर के नोट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप प्रशासन के कुछ अधिकारी इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं और इसके लिए अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी अमेरिकी कोषाध्यक्ष ब्रैंडन बीच और उनके वरिष्ठ सलाहकार माइक ब्राउन ने ट्रेजरी विभाग के ब्यूरो ऑफ एंग्रेविंग एंड प्रिंटिंग (बीईपी) के अधिकारियों से 250 डॉलर के नोट के प्रारूप तैयार करने को कहा है। बताया गया कि बीच ने अगस्त और सितंबर में नोट के कुछ डिजाइन भी अधिकारियों को उपलब्ध कराए थे।

इन प्रारूपों में एक डिजाइन ऐसा था, जिसमें 250 डॉलर के नोट के बीच में डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर दिखाई गई थी। इसके साथ राष्ट्रपति और ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर भी शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक इस डिजाइन को तैयार करने वाले कलाकार ने दावा किया कि उसने इस विषय पर ट्रंप से भी बातचीत की थी।

ब्रिटिश चित्रकार इयान अलेक्जेंडर ने बताया कि ट्रंप ने उनके डिजाइन में कुछ बदलाव सुझाए थे। इनमें अमेरिकी झंडे के रंगों और अमेरिका की स्थापना की 250वीं वर्षगांठ का लोगो जोड़ना शामिल था।हालांकि मौजूदा अमेरिकी कानून के अनुसार किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर मुद्रा नोट पर नहीं छापी जा सकती। 1866 से यह नियम लागू है। ऐसे में ट्रंप की तस्वीर वाले नोट को जारी करने के लिए अमेरिकी कांग्रेस को नया कानून पारित करना होगा।

रिपोर्ट के अनुसार पिछले वर्ष कांग्रेस में एक प्रारूप विधेयक पेश किया गया था, जिसमें अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर ट्रंप की तस्वीर वाला 250 डॉलर का स्मारक नोट जारी करने का प्रस्ताव रखा गया था।

ट्रेजरी विभाग के एक प्रवक्ता ने वॉशिंगटन पोस्ट से कहा कि प्रस्तावित कानून को ध्यान में रखते हुए प्रिंटिंग कार्यालय आवश्यक तैयारी और प्रक्रियागत जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि यह विधेयक कानून बनता है, तो बीईपी 250 डॉलर का स्मारक नोट जारी करने की दिशा में सक्रिय रूप से काम करेगा। यह पहल ऐसे समय सामने आई है, जब ट्रंप प्रशासन जुलाई से अमेरिका की स्थापना की 250वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है। ट्रंप ने आर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री के पास 250 फुट ऊंचा विजय द्वार और वॉशिंगटन में 'गार्डन ऑफ हीरोज' बनाने का भी प्रस्ताव रखा है, जिसमें 250 मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।

इसी कड़ी में ट्रंप की तस्वीर वाले 24 कैरेट सोने के स्मारक सिक्के को भी मंजूरी दी जा चुकी है। यह दूसरी बार होगा जब किसी जीवित अमेरिकी राष्ट्रपति की तस्वीर किसी सिक्के पर दिखाई जाएगी। इससे पहले 1926 में राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज को जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ एक स्मारक सिक्के पर दर्शाया गया था। अमेरिकी फाइन आर्ट्स आयोग ने 19 मार्च की बैठक में स्मारक स्वर्ण सिक्के के डिजाइन को मंजूरी दी थी। अंतिम आकार तय होने के बाद इसकी ढलाई की जाएगी।

इसके अलावा 26 मार्च को अमेरिकी ट्रेजरी ने घोषणा की थी कि अमेरिकी कागजी मुद्रा पर जल्द ही डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर भी दिखाई देंगे। 1861 में डॉलर नोट शुरू होने के बाद यह पहली बार होगा जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर अमेरिकी मुद्रा पर होंगे।

Articles you may like: