गाजा सिटी : गाजा में एक बार फिर इजरायल की ओर से बड़ा सैन्य हमला किया गया है, जिसमें हमास के नए सैन्य प्रमुख मोहम्मद ओदेह की मौत हो गई है। हमास ने बुधवार को स्वयं इस मौत की पुष्टि की है। ओदेह ने हाल ही में इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी और मात्र कुछ दिनों के भीतर ही उनकी मौत हो गई।
हमास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मंगलवार को हुए इस इजरायली हवाई हमले में मोहम्मद ओदेह के साथ उनकी पत्नी और दो बच्चों सहित कुल लोगों की भी जान गई है। संगठन ने यह भी बताया कि इस हमले में कम से कम पाँच लोगों की मौत हुई है और लगभग 12 लोग घायल हुए हैं।
इजरायल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने पहले ही दावा किया था कि इजरायली सेना ने हमास के सैन्य प्रमुख को निशाना बनाया था और इसी हमले में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 16 मई को हुए एक समान हमले में मोहम्मद ओदेह के पूर्ववर्ती इज अल-दीन अल-हदाद की भी मौत हो गई थी। इसके बाद दो सप्ताह से भी कम समय में गाजा सिटी में एक और सैन्य प्रमुख की मौत ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया है।
स्थानीय डॉक्टरों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हमला गाजा शहर के सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्र के पास स्थित एक आवासीय भवन पर किया गया जहां उस समय भारी भीड़ मौजूद थी।
इजरायली सेना और सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने दावा किया है कि कई महीनों से मोहम्मद ओदेह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और जिन स्थानों पर उनके छिपे होने की संभावना थी, उन्हीं को निशाना बनाकर यह कार्रवाई की गई।
पिछले वर्ष अक्टूबर में इज़रायल और हमास के बीच युद्धविराम समझौता होने के बावजूद गाजा में लगभग रोजाना हिंसा की घटनाएँ जारी हैं। ईद से पहले हुए इस हमले ने क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया है।
इजरायल का कहना है कि 7 अक्टूबर 2023 के हमलों में शामिल हमास नेताओं को लगातार निशाना बनाया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।