नई दिल्लीः भारत की स्वदेशी कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे इंडियन एआई रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (आईएआईआरओ) ने एवेन्यूजएआई लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर विशाल मेहता को तकनीकी सलाहकार नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को देश में स्वतंत्र और वैश्विक स्तर की एआई क्षमता विकसित करने के प्रयासों को नई गति देने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।
आईएआईआरओ ने लिंक्डइन पर जारी जानकारी में कहा कि विशाल मेहता के पास भारत में प्रौद्योगिकी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर व्यवसायों को विकसित करने और बड़े स्तर पर विस्तार देने का लंबा अनुभव है। संगठन के अनुसार उद्यमिता, टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म और AI आधारित नवाचार को लेकर उनका अनुभव आईएआईआरओ की रिसर्च और इकोसिस्टम पहलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कंपनी की ओर से साझा जानकारी के मुताबिक आईएआईआरओ के संस्थापक तंत्र में विश्व स्तर पर पहचान रखने वाले AI शोधकर्ता, अमेरिका की प्रमुख यूनिवर्सिटियों से लौटे तकनीकी विशेषज्ञ और एप्पल, गूगल तथा आईबीएम जैसी कंपनियों से जुड़े अनुभवी पेशेवर शामिल हैं। संगठन का कार्यक्षेत्र अत्याधुनिक शोध, प्रतिभा विकास, एंटरप्राइज AI सिस्टम, एम्बॉडीड इंटेलिजेंस और स्वास्थ्य, फार्मास्युटिकल, शिक्षा, शहरी व्यवस्थाओं तथा स्थिरता जैसे क्षेत्रों में बड़े स्तर पर AI समाधान लागू करने तक फैला हुआ है।
आईएआईआरओ का मुख्यालय गुजरात के गिफ्ट सिटी में स्थित है और इसे भारत के राष्ट्रीय AI मिशन के अनुरूप एक स्वायत्त सेक्शन-8 संस्था के रूप में संरचित किया गया है। संगठन का पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल इंडियाएआई मिशन/इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, गुजरात डीएसटी और इंडियन फार्मा एसोसिएशन के सहयोग से संचालित हो रहा है। संस्था का लक्ष्य गहन शोध, विस्तार योग्य नवाचार और राष्ट्रीय क्षमता निर्माण पर आधारित वैश्विक प्रतिस्पर्धी AI संस्थान तैयार करना है।
विशाल मेहता ने इस नई जिम्मेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आईएआईआरओ केवल AI उत्पाद बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत के भविष्य के लिए एक संस्थागत ढांचा तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में AI नेतृत्व उन्हीं के हाथों में होगा जो प्रतिभा, इंफ्रास्ट्रक्चर, शोध, तैनाती और भरोसे पर आधारित व्यापक इकोसिस्टम खड़ा करेंगे। उनके अनुसार, आईएआईआरओ आने वाले दशकों में भारत की सबसे प्रभावशाली प्रौद्योगिकी संस्थाओं में शामिल हो सकता है।
विशाल मेहता इससे पहले सीसीएवेन्यू, रेडिफ और फ्रॉनेटिक.एआई जैसे प्लेटफॉर्म के विकास में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उनके नेतृत्व में एवेन्यूजएआई लिमिटेड देश के बड़े फिनटेक और सॉफ्टवेयर नेटवर्क में शामिल हो चुकी है, जो हर साल करोड़ों व्यापारियों के लिए अरबों डिजिटल लेनदेन को संसाधित करती है।
आईएआईआरओ के सलाहकार समूह में पहले से ही एचसीएल के सह-संस्थापक और पद्म भूषण सम्मानित अजय चौधरी तथा आईस्पिर्ट फाउंडेशन और प्रोडक्ट नेशन से जुड़े शरद शर्मा जैसे उद्योग जगत के प्रमुख नाम शामिल हैं। विशाल मेहता की एंट्री से संगठन की बढ़ती साख को और मजबूती मिलने की बात कही जा रही है। वैश्विक स्तर पर AI नेतृत्व की होड़ तेज होने के बीच आईएआईआरओ भारत को केवल भागीदार नहीं बल्कि मूलभूत AI सिस्टम, मानक और नवाचार ढांचे तैयार करने वाले देश के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है।