कालवैशाखी के कारण कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के तापमान में आज (28 मई) सुबह से ही थोड़ी गिरावट दर्ज हुई है। इस वजह से लोगों को भीषण उमस वाली गर्मी से भी राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और भी गिरावट दर्ज हो सकती है। लेकिन क्या आज (गुरुवार) भी बारिश की संभावना है? क्या कहता है मौसम का पूर्वानुमान?
दक्षिण बंगाल में बारिश की संभावना
बारिश की वजह से दक्षिण बंगाल के तापमान में काफी गिरावट आयी है। गुरुवार को भी बीरभूम, नदिया, मुर्शिदाबाद, पूर्व व पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम मिदनापुर, हुगली और उत्तर व दक्षिण 24 परगना में बारिश की संभावना है।
वहीं बात अगर शुक्रवार की करें तो कल बीरभूम, नदिया, मुर्शिदाबाद, पूर्व व पश्चिम बर्धमान, पश्चिम मिदनापुर, हावड़ा, झारग्राम और बांकुड़ा में बारिश हो सकती है। शनिवार को पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम मिदनापुर, झारग्राम, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिले में बारिश के साथ आंधी की भी संभावना है।
Read Also | आज का राशिफल: चित्रा नक्षत्र में परिघ योग, वृषभ राशि वालों की लॉटरी लग सकती है, बाकी का क्या है भाग्य?
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार से दक्षिण बंगाल में बारिश की संभावना कम होने लगेगी। इस वजह एक बार फिर से उमस वाली गर्मी के साथ तापमान के बढ़ने की संभावना है।
समुद्र रहेगा अशांत
गुरुवार और शुक्रवार यानी 28 व 29 मई को पश्चिम बंगाल और ओडिशा में समुद्र के अशांत रहने की संभावना है। इस वजह से इन दोनों दिनों में मछुआरों से गहरे समुद्र में जाने से मना किया गया है।
क्या उत्तर बंगाल में फिर से होगी बारिश?
उत्तर बंगाल में गुरुवार से भारी बारिश की संभावना लगभग ना के बराबर है। मौसम विभाग ने बताया कि आंधी-बारिश की मात्रा धीरे-धीरे कम होगी। गुरुवार को दार्जिलिंग से मालदह तक उत्तर बंगाल के सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ वज्रपात और बारिश होने की संभावना है।
शुक्रवार को भी उत्तर बंगाल के लगभग सभी जिलों में वज्रपात के साथ हल्की आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, शनिवार और रविवार से बारिश की मात्रा में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में छिटपुट रूप से एक-दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।