आईपीएल 2026 (IPL 2026) के एलिमिनेटर मुकाबले में आज शाम साढ़े सात बजे राजस्थान रॉयल्स (RR) की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद (RCB) के साथ है। दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला न्यू चंढीगढ़ में खेला जाएगा। अहम मुकाबले से पहले देश के पूर्व कप्तान कृष्णम्माचारी श्रीकांत ने राजस्थान रॉयल्स और वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला चलेगा और एसआरएच के खिलाफ आरआर की टीम का पलड़ा भारी रहेगा। जारी टूर्नामेंट में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी उम्दा बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित किया है।
जबरदस्त फॉर्म में हैं वैभव सूर्यवंशी
जारी टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी काफी जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। उनके बेहतरीन खेल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह ऑरेंज कैप की लिस्ट में छठवें पायदान पर काबिज हैं। टूर्नामेंट में उन्होंने खबर लिखे जाने तक आरआर की तरफ से कुल 14 मुकाबले खेले हैं। इस बीच उनके बल्ले से 14 पारियों में 41.64 की औसत से 583 रन निकले हैं। जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल है। 103 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च पारी है।