🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

आईपीएल एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स, वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें

एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों के रिकॉर्ड के करीब पहुंचे वैभव सूर्यवंशी।

By शिखा सिंह

May 27, 2026 13:23 IST

चंडीगढ़ : आईपीएल में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले में हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो जाएगा।

राजस्थान के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। फिलहाल यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए 59 छक्के लगाए थे। वैभव इस सीजन में अब तक 53 छक्के जड़ चुके हैं और रिकॉर्ड से केवल छह कदम दूर हैं।

राजस्थान की टीम पिछले छह मुकाबलों से हैदराबाद को नहीं हरा सकी है। उसे आखिरी जीत 2 अप्रैल 2023 को हैदराबाद में मिली थी, जब राजस्थान ने 72 रन से जीत दर्ज की थी। इसके बाद से हैदराबाद लगातार दबदबा बनाए हुए है।

पिछले सीजन यानी 2024 में भी हैदराबाद ने राजस्थान को क्वालिफायर-2 में हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। हालांकि खिताबी मुकाबले में टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

वैभव सूर्यवंशी ने 25 अप्रैल 2026 को हैदराबाद के खिलाफ एक यादगार उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने प्रफुल हिंगे के पहले ओवर में लगातार चार छक्के लगाए थे। आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका था, जब किसी बल्लेबाज ने पारी के शुरुआती ओवर में चार छक्के जड़े हों।

राजस्थान के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी जेम्स फॉकनर आईपीएल इतिहास में ऐसे इकलौते गेंदबाज हैं, जिन्होंने दो बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। खास बात यह है कि उन्होंने दोनों बार यह उपलब्धि हैदराबाद के खिलाफ हासिल की थी।

सलामी बल्लेबाजों पर टिकी रहेंगी निगाहें

एलिमिनेटर मुकाबले की दिशा काफी हद तक शुरुआती छह ओवरों में तय हो सकती है। दोनों टीमों के सलामी बल्लेबाज शुरुआती ओवरों में ही मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

हैदराबाद की ओर से ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी मैदान पर उतरेगी, जबकि राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल जिम्मेदारी संभालेंगे। प्लेऑफ जैसे दबाव भरे मुकाबले में शुरुआती ओवरों का महत्व और भी बढ़ जाता है।

हेड और अभिषेक की सलामी जोड़ी इस सीजन में अब तक 690 रन जोड़ चुकी है, जबकि वैभव और जायसवाल ने मिलकर 622 रन बनाए हैं।

ट्रैविस हेड इस सीजन 168.66 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि अभिषेक शर्मा का स्ट्राइक रेट 206.22 रहा है। दूसरी ओर राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी 232.27 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल का स्ट्राइक रेट 159.43 है।

आमने-सामने के रिकॉर्ड में हैदराबाद आगे

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद ने 14 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 9 मुकाबलों में सफलता मिली है।

Articles you may like: