🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

RCB का धमाकेदार प्रदर्शन, गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची

रजत पाटीदार की तूफानी पारी और गेंदबाजों का कहर

By श्वेता सिंह

May 27, 2026 02:22 IST

धर्मशालाः धर्मशाला में खेले गए आईपीएल क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट कटाया। कप्तान रजत पाटीदार की विस्फोटक बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 5 विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बना। जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर सिमट गई।

पाटीदार ने खेली कप्तानी पारी

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। विराट कोहली ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 30 और क्रुणाल पांड्या ने 43 रन की उपयोगी पारी खेली।

पाटीदार और क्रुणाल ने मध्य ओवरों में तेजी से रन बटोरते हुए गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। अंतिम ओवरों में जितेश शर्मा ने भी तेज रन जोड़कर टीम को 250 के पार पहुंचाया।

गुजरात की शुरुआत से ही बिगड़ी लय

255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत खराब रही। साई सुदर्शन अच्छी लय में दिखे, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। जोस बटलर ने तेज 29 रन बनाए, मगर टीम को संभाल नहीं सके।

राहुल तेवतिया ने अकेले संघर्ष करते हुए 43 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास साथ नहीं मिला।

RCB के गेंदबाजों ने मचाया कहर

जैकब डफी ने 3 विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट झटके। जोश हेजलवुड को भी एक सफलता मिली।

पावरप्ले में लगातार विकेट गिरने के बाद गुजरात कभी मुकाबले में लौट नहीं सकी।

फाइनल में RCB, GT को मिला एक और मौका

इस जीत के साथ आरसीबी लगातार दूसरी बार आईपीएल फाइनल में पहुंच गई है और अब टीम लगातार दूसरा खिताब जीतने की कोशिश करेगी। वहीं गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा। टीम अब सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर के विजेता से क्वालिफायर-2 में भिड़ेगी।

Articles you may like: