🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बंगाल के राइफल फैक्टरी की नौकरी के साथ ताइक्वांडो में कमाल, लक्ष्मीनारायण दास ने जीता एशियाई रजत

बंगाल के इकलौते प्रतिनिधि के रूप में उतरे थे प्रतियोगिता में,कठिन मेहनत और समर्पण से हासिल की अंतरराष्ट्रीय सफलता।

कोलकाता : एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बंगाल के लक्ष्मीनारायण दास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। उत्तर 24 परगना जिले के इछापुर निवासी लक्ष्मीनारायण इस प्रतियोगिता में बंगाल के इकलौते प्रतिनिधि थे। पहली ही बार एशियाई स्तर की इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर उन्होंने मंगोलिया की राजधानी उलानबातार से रजत पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन किया।

हाल ही में उलानबातार में आयोजित एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में लक्ष्मीनारायण दास ने अंडर-60 कैटेगरी में हिस्सा लिया। उन्होंने पोमसे इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया। बचपन से ही ताइक्वांडो के प्रति उनका गहरा लगाव रहा है और उसी जुनून के दम पर उन्होंने लगातार अभ्यास जारी रखा।

लक्ष्मीनारायण दास इछापुर राइफल फैक्टरी में नौकरी करते हैं। नौकरी की व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने अपने खेल को कभी पीछे नहीं छोड़ा। वह नियमित अभ्यास करने के साथ-साथ अन्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण भी देते रहे हैं। इसी मेहनत और समर्पण का परिणाम रहा कि उन्हें इस बार सीनियर कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।

अपनी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए लक्ष्मीनारायण दास ने कहा, “मेरा कई वर्षों का सपना आखिरकार पूरा हो गया। एशियाई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पहले बंगाली खिलाड़ी के रूप में खुद पर गर्व महसूस कर रहा हूं। वर्ष 2024 में मैं हांगकांग में आयोजित विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भी हिस्सा लेने गया था, लेकिन वहां कोई पदक नहीं जीत सका था।”

उन्होंने आगे कहा कि मुझे सबसे ज्यादा खुशी तब होगी, जब हमारे राज्य के और खिलाड़ी भी एशिया और विश्व स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और सफलता हासिल करेंगे।

Articles you may like: