कोलकाता : कोलकाता में फिल्मी दुनिया की चमक-दमक से दूर अचानक एक अनजाने से माहौल में मशहूर अभिनेता सौरभ शुक्ला की मौजूदगी ने हर किसी को चौंका दिया। बड़े रास्ते से जुड़ी एक छोटी-सी गली में स्थित भवानीपुर व्यायाम संघ के ‘लोनली वुल्व्स टेबल टेनिस अकादमी’ में सोमवार शाम एक मध्यम कद-काठी के, भारी शरीर वाले साठ पार व्यक्ति को टेबल टेनिस खेलते हुए जमकर पसीना बहाते देखा गया। काले रंग की टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने यह शख्स कोई पेशेवर टेबल टेनिस खिलाड़ी नहीं था, बल्कि भारतीय सिनेमा प्रेमियों के लिए वह रामगोपाल वर्मा की फिल्म ‘सत्या’ के चर्चित ‘कल्लू मामा’ और ‘जॉली एलएलबी’ के जज साहब के रूप में बेहद परिचित चेहरा हैं। यह थे अभिनेता सौरभ शुक्ला, जो उस शाम पूरी तरह एक सच्चे टेबल टेनिस प्रेमी के रूप में नजर आए।
कोलकाता आने के बाद लाइमलाइट से दूर इस तरह साधारण माहौल में समय बिताने की वजह पूछे जाने पर खेल के बीच पसीने से तर-बतर सौरभ शुक्ला ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं इस खेल से बेहद प्यार करता हूं। बचपन से ही टेबल टेनिस खेलता आया हूं। क्रिकेट भी खेला है और पेंटिंग का भी शौक रहा है। उम्र बढ़ने के साथ भी टेबल टेनिस के प्रति मेरा लगाव कम नहीं हुआ। इसलिए जब भी कोलकाता आता हूं, मौका मिलते ही यहां चला आता हूं। यहां समय बिताना मुझे अच्छा लगता है।”
अकादमी के कोच शौविक घोष के साथ सौरभ शुक्ला की अच्छी दोस्ती है। भवानीपुर स्थित इस अकादमी में पहले भी ऐहिका मुखोपाध्याय और सुतीर्था मुखोपाध्याय जैसे खिलाड़ी अभ्यास कर चुके हैं। सोमवार को सौरभ शुक्ला की मौजूदगी वहां अभ्यास कर रहे छोटे खिलाड़ियों के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं थी। अनुभवी अभिनेता ने खुद भी कहा, “मैं यहां बच्चों के साथ खेलने के आकर्षण में आता हूं। इस खेल के पीछे जो विज्ञान है, उसे भी मैं खूब आनंद लेकर समझता हूं। खेलते समय मेरे भीतर जीत-हार की मानसिकता काम नहीं करती। मैं सिर्फ खेल का आनंद लेने के लिए खेलता हूं।”
सौरभ शुक्ला राष्ट्रीय टेबल टेनिस संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कुल मिलाकर, लाइट, कैमरा और एक्शन की दुनिया से कुछ समय निकालकर इन दिनों बंगाल में वह पूरी तरह टेबल टेनिस के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं।