🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

फीफा विश्व कप 2026 के लिए टिजुआना में बेस कैंप बनाएगा ईरान

लॉस एंजिलिस के नजदीक होने से टीम को मिलेगी यात्रा में सुविधा।

By शिखा सिंह

May 24, 2026 17:41 IST

टिजुआना : ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम 2026 फीफा विश्व कप के दौरान मैक्सिको के सीमा शहर टिजुआना में अपना बेस कैंप बनाएगी। यह फैसला उस समय लिया गया, जब विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने ईरानी टीम के प्रशिक्षण शिविर को एरिजोना से स्थानांतरित करने के अनुरोध को मंजूरी दे दी।

ईरान फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। ईरान फुटबॉल महासंघ के टेलीग्राम अकाउंट पर जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, “हम टिजुआना कैंप में रहेंगे, जो प्रशांत महासागर के पास और मैक्सिको-अमेरिका सीमा पर स्थित है।”

मेहदी ताज ने कहा कि टिजुआना ईरानी टीम के लिए ज्यादा सुविधाजनक स्थान है क्योंकि वहां से लॉस एंजिलिस की उड़ान केवल 55 मिनट की है। उन्होंने बताया कि यह स्थान टीम के मैच स्थलों के अधिक करीब है, जबकि पहले प्रस्तावित एरिजोना कैंप अपेक्षाकृत दूर था।

उन्होंने कहा कि हमारे और लॉस एंजिलिस में होने वाले मैचों के मैदान के बीच कुल दूरी केवल 55 मिनट की उड़ान की है।

यह फैसला ऐसे समय आया है, जब पिछले कई महीनों से ईरान की यात्रा और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। 2026 फीफा विश्व कप का आयोजन संयुक्त रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में 11 जून से 19 जुलाई तक किया जाएगा।

48 टीमों वाले विस्तारित टूर्नामेंट के लिए ईरान ने क्वालीफाई कर लिया है। टीम को ग्रुप-जी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला बेल्जियम, न्यूजीलैंड और मिस्र से होगा। ईरान के मुकाबले लॉस एंजिलिस और सिएटल में खेले जाएंगे।

इस महीने की शुरुआत में कनाडा ने फीफा कांग्रेस से पहले ईरान फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मेहदी ताज को देश में प्रवेश देने से इनकार कर दिया था। कनाडा ने इसके पीछे इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से कथित संबंधों का हवाला दिया। कनाडा ने वर्ष 2024 में इस संगठन को “आतंकी समूह” घोषित किया था।

इसके बाद ईरान फुटबॉल महासंघ ने स्पष्ट किया कि देश की टीम विश्व कप में हिस्सा जरूर लेगी। अल जजीरा के हवाले से महासंघ ने कहा, “हम निश्चित रूप से 2026 विश्व कप में भाग लेंगे, लेकिन मेजबान देशों को हमारी चिंताओं को भी ध्यान में रखना होगा। हम अपने विश्वास, संस्कृति और सिद्धांतों से पीछे हटे बिना विश्व कप में हिस्सा लेंगे।”

मेहदी ताज ने 9 मई को सरकारी टेलीविजन से बातचीत में कहा था कि तेहरान ने फीफा विश्व कप में भागीदारी के लिए 10 शर्तें रखी हैं और राष्ट्रीय टीम के साथ व्यवहार को लेकर गारंटी की मांग की है।

अल जजीरा के अनुसार, इन मांगों में खिलाड़ियों और स्टाफ को समय पर वीजा जारी करना, पूरे टूर्नामेंट के दौरान राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान सुनिश्चित करना, तथा हवाई अड्डों, होटलों और स्टेडियम तक जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना शामिल है।

इससे पहले ईरान ने अमेरिका और ईरान के बीच मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के दौरान यह भी अनुरोध किया था कि उसके मुकाबलों को अमेरिका से बाहर स्थानांतरित किया जाए।

Articles you may like: