कोलकाता के लेकटाउन में लगे फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी (Lionel Messi) की विशाल प्रतिमा को तोड़कर हटा दिया जा रहा है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इसे तोड़ने की तैयारियां शुरू कर दी गयी है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार लेकटाउन थाना के पास आवश्यक आदेश भेज दिया गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो सोमवार (25 मई) की रात को ही इसे तोड़ने का काम शुरू कर दिया जा सकता है। पर क्यों इसे हटाने का फैसला लिया गया?
तोड़ी जा सकती है मूर्ति
कोलकाता के VIP रोड पर लगभग 70 फूट ऊंची मेसी की यह विशाल प्रतिमा स्थापित की गयी है। दूर से ही यह मूर्ति दिखाई देती है। लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस मूर्ति को यहां से हटाने का फैसला लिया गया है। स्थानीय निवासियों की शिकायत है कि यह मूर्ति ठीक तरीके से खड़ी नहीं है।
अगर तेज हवा के झोंके आते हैं तो मूर्ति अपनी जगह पर हिलने लगती है। इसका कारण मूर्ति के नीचे की मिट्टी का भुरभुरा होना माना जा रहा है। इस वजह से किसी भी समय मूर्ति के गिर जाने से कोई बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो रही है।
स्थानीय निवासियों ने लेकटाउन थाना में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाते हुए दावा किया था कि इतनी विशाल मूर्ति के निर्माण में आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया था। आरोप है कि PWD विभाग की तरफ से अनुमति अथवा NOC लिए बगैर ही इस मूर्ति को तैयार किया गया था।
मेसी ने किया था उद्घाटन
इस विशाल मूर्ति का वर्चुअली उद्घाटन अपने भारत दौरे के दौरान लियोनेल मेसी ने खुल 13 दिसंबर 2025 को किया था। उद्घाटन के बाद से ही यह मूर्ति फुलबॉलप्रेमियों और खासतौर पर मेसी के फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हो गयी। बताया जाता है इस मूर्ति का निर्माण श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब की ओर से किया गया था जिस क्लब के साथ राज्य के पूर्व मंत्री सुजीत बसु का नाम जुड़ा हुआ है।
हालांकि इस मूर्ति के निर्माण के बाद से ही इसकी आलोचना भी शुरू हो गयी थी। बड़ी संख्या में लोगों का मानना है कि इस मूर्ति का चेहरा लियोनेल मेसी से बिल्कुल नहीं मिलता है बल्कि इसका चेहरा बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन जैसा लगता है।
आज रात ही तोड़ी जा सकती है मूर्ति
पुलिस सूत्रों का दावा है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो इस मूर्ति को आज (25 मई) की रात को ही तोड़ने का काम शुरू किया जा सकता है। हालांकि उससे पहले पुलिस, PWD और विधाननगर नगर निगम के अधिकारी मौके का दौरा कर सकते हैं।