🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

दिल्ली की जीत के साथ लीग स्टेज समाप्त, आखिरी मैच में कोलकाता को मिली हार; 26 मई से प्लेऑफ शुरू

IPL 2026 के आखिरी लीग स्टेज मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हरा दिया। अब प्लेऑफ स्टेज के मुकाबले 26 मई से शुरू होंगे।

By लखन भारती

May 25, 2026 00:18 IST

आईपीएल 2026 के आखिरी यानी 70वें लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हरा दिया। पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 203 रन बोर्ड पर लगाए थे। चेज करते हुए कोलकाता 18.4 ओवर में 163 रन पर ऑलआउट हो गई। इस दौरान दिल्ली के लिए लुंगी एंगिडी और कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए। बता दें कि प्लेऑफ के लिहाज से इस मैच के कोई मायने नहीं थे। दोनों ही टीमें पहले एलिमिनेट हो चुकी थीं। अब 26 मई से प्लेऑफ मैचों की शुरुआत होगी।

मुकाबले में केकेआर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था। टीम का यह फैसला बिल्कुल भी सही साबित नहीं हुआ। पहले बैटिंग करने वाली दिल्ली के लिए केएल राहुल ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 30 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 60 रन स्कोर किए।

राहुल के अलावा दिल्ली के लिए अभिषेक पोरेल ने 22 रन, साहिर परख ने 24 रन, कप्तान अक्षर पटेल ने 39 रन, डेविड मिलर ने 28 रन और आशुतोष शर्मा ने 18 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स बिना खाता खोले क्रीज पर रहे। दिल्ली के लिए यह पहला ऐसा मौका था कि जब टीम ने बगैर किसी 50 रनों की साझेदारी के 200 से बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाया था।

चेज में केकेआर फ्लॉप

चेज करते हुए कोलकाता के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 39 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। इसके अलावा सभी बल्लेबाज लगभग फ्लॉप नजर आए। फिन एलन ने 20 रन, मनीष पांडे ने 25 रन, कैमरून ग्रीन ने 02 रन, तजस्वी दहिया ने 01 रन, अनुकूल रॉय ने 09 रन, वरुण चक्रवर्ती ने 05 रन और सौरभ दुबे ने 04* रन बनाए। रिंकू सिंह और कार्तिक त्यागी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।

प्लेऑफ के लिए इन चार टीमों ने किया क्वालीफाई

प्लेऑफ के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने क्वालीफाई किया। आरसीबी टॉप-4 में जगह बनाने वाली सबसे पहली टीम बनी थी। वहीं राजस्थान क्वालीफाई करने वाली चौथी टीम बनी।

प्लेऑफ का शेड्यूल

26 मई - RCB vs GT - पहला क्वालीफायर (धर्मशाला)

27 मई - SRH vs RR - एलिमिनेटर (न्यू चंडीगढ़)

29 मई - दूसरा क्वालीफायर - न्यू चंडीगढ़

31 मई - फाइनल - अहमदाबाद।

Articles you may like: