नई दिल्ली: बीजू जनता दल छोड़ने के एक दिन बाद राज्यसभा सांसद देवाशीष सामंतराय मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा में शामिल होने के बाद सामंतराय ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और उनकी योजनाओं से प्रभावित होकर पार्टी में आए हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा में भाजपा को मजबूत करने के लिए वह सक्रिय रूप से काम करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी नीतियों और कार्यक्रमों से प्रेरणा लेकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि ओडिशा में पार्टी के लिए काफी काम किया जाना बाकी है और वह संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने औपचारिक रूप से देवाशीष सामंतराय का पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर ओडिशा प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर और ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल भी उपस्थित थे।
भाजपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने देबाशीष सामंतराय के राजनीतिक अनुभव और ओडिशा में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वह राज्य की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय और जमीनी स्तर से जुड़े नेता रहे हैं। सामंतराय तीन बार विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2000 से 2004 तक उन्होंने तिर्तोल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, जबकि 2009 से 2019 तक वह बाराबती-कटक सीट से दो बार विधायक चुने गए। सामंतराय ओडिशा पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और लोक कला, संस्कृति तथा गरीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में योगदान दिया है।
दूसरी ओर बीजू जनता दल ने सामंतराय के भाजपा में शामिल होने पर नाराजगी जताई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि उन्होंने संगठन की अपेक्षाओं से ऊपर अपने व्यावसायिक हितों को प्राथमिकता दी और अंततः भाजपा का रुख कर लिया। पार्टी ने उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी थीं, जिनमें पांचवीं बार टिकट देना और ओडिशा पर्यटन विकास निगम का अध्यक्ष बनाना भी शामिल है। पार्टी का आरोप है कि इन अवसरों का लाभ उठाने के बाद उन्होंने अपने निजी हितों के लिए इस्तीफा दिया।
सामंतराय ने सोमवार को बीजू जनता दल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक को लिखे पत्र में राज्यसभा भेजे जाने और अविभाजित कटक जिले के लोगों की सेवा का अवसर देने के लिए आभार व्यक्त किया था। उन्होंने पत्र में कहा था कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा से जुड़े मुद्दे उठाने का अवसर मिला, जिसके लिए वह हमेशा पार्टी नेतृत्व के प्रति आभारी रहेंगे।