राजस्थान के खाटूश्यामजी में स्थित एक होटल में मंगलवार को आग लग गई। होटल के कर्मचारी और आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग काबू नहीं हो सकी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। होटल में रहने वाले श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कमरे से बाहर निकल आए।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी फंसी
सकरी गलियां और अतिक्रमण की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ी फंस गई। रसोईघर में लगी आग धीरे-धीरे होटल के कार्यालय तक पहुंच गई, जहां रखे आवश्यक कागजात और सामान जलकर राख हो गया। श्याम भक्तों में हड़कंप मच गया। सूचना पर खाटूश्यामजी थाना प्रभारी पवन चौबे मौके पर पहुंचे। नगर पालिका और श्रीश्याम मंदिर कमेटी के फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगभग 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शाॅर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका
आग किस कारण से लगी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लगी है। गनीमत रही की रसोई घर में रखे सिलेंडरों तक आग नहीं पहुंची, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
श्याम भक्तों की उमड़ी भीड़
बुधवार को एकादशी है, और आज से ही एकादशी पर लगने वाले दो दिवसीय मेले को लेकर श्याम भक्तों की भीड़ खाटू में जुटना शुरू हो गई है। इस होटल में काफी संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए थे, और यहां भजन संध्या सहित धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होता रहता है।