भुवनेश्वर : ओडिशा के भुवनेश्वर में ग्रुप रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सिपाही सौम्य रंजन स्वैन की लिंचिंग मामले में मुख्य आरोपी को ओडिशा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।
बयान के अनुसार 48 वर्षीय बिनोद कुमार बेहेरा जो भुवनेश्वर के सत्य नगर के निवासी है सोमवार रात केंद्रापड़ा जिले के इंदुपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी जांच के दौरान प्राप्त विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर की गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि बिनोद कुमार बेहेरा 7 मई की घटना के बाद से फरार चल रहे थे और इस मामले में हुए हमले में उनकी संलिप्तता पाई गई है। पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच प्राथमिकता के आधार पर जारी है और अन्य शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अभी भी आठ और संदिग्धों की तलाश जारी है।
यह घटना 7 मई को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके बालीअंता थाना क्षेत्र के भींगरपुर-काजा में हुई थी, जहां कथित रूप से भीड़ ने जीआरपी कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन को एक खंभे से बांधकर पीट-पीटकर मार डाला था।
पुलिस के अनुसार यह भीड़ तब उग्र हो गई जब एक महिला ने कांस्टेबल पर आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल और दोपहिया वाहन की टक्कर के बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था।