जयपुर: राजस्थान में वर्ष 2021 की सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में राजस्थान राज्य पेय पदार्थ निगम लिमिटेड के एक डिपो मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने डूंगरपुर जिले के रहने वाले 58 वर्षीय लोकेन्द्र पंड्या को उनके घर से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए लोकेन्द्र पंड्या से लगातार पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार यह मामला राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा से जुड़े कथित पेपर लीक गिरोह से संबंधित है। जांच में सामने आया कि लोकेन्द्र पंड्या के भाई कुंदन कुमार पंड्या ने कथित तौर पर 50 लाख रुपये देकर परीक्षा के प्रश्नपत्र खरीदे थे। एसओजी की जांच में यह भी पता चला कि कुंदन कुमार पंड्या ने बाबूलाल कटारा से प्रश्नपत्र हासिल किए और बाद में उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों तक पहुंचाया।
लोकेन्द्र पंड्या पर आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले अपने बेटे, बेटी और भतीजी को लीक हुए प्रश्नपत्रों के आधार पर तैयारी करवाई थी। इस मामले में सरकारी स्कूल में शिक्षक कुंदन कुमार पंड्या को जून 2025 में उनकी बेटी और अन्य रिश्तेदारों के साथ पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।