🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

करनाल में 10 रुपये के विवाद में सब्जी विक्रेता की हत्या, बेटी भी हमले में घायल

सब्जियों के भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंचा, इलाके में तनाव, अभिुक्तों की तलाश जारी

By डॉ. अभिज्ञात

May 27, 2026 19:30 IST

करनालः हरियाणा के करनाल में मामूली रकम के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सब्जी बेचने वाले एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसकी बेटी भी हमले में घायल हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार शाम की है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय संजय के रूप में हुई है, जो बुधा खेड़ा इलाके का रहने वाला था।

पुलिस जांच में सामने आया कि दो युवक संजय की दुकान पर सब्जियां खरीदने पहुंचे थे। खरीदारी का कुल बिल 210 रुपये बना, लेकिन आरोप है कि उन्होंने केवल 200 रुपये दिए और बाकी रकम देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अभियुक्तों ने संजय और उसकी बेटी पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बेटी को भी चोटें आईं।

मृतक की बेटी शिवानी ने बताया कि अभियुक्तों ने उनके पिता से बाकी 10 रुपये छोड़ने के लिए कहा था। परिवार ने जब ऐसा करने से मना किया तो कहासुनी बढ़ गई। शिवानी के मुताबिक विवाद के दौरान अभियुक्तों ने उसकी बहन के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। पिता ने इसका विरोध किया तो दोनों युवक हिंसक हो गए और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के बाद संजय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।

Articles you may like: