🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

फ्लोरिडा में ब्लू ओरिजिन रॉकेट विस्फोट: हॉट-फायर टेस्ट के दौरान लॉन्च पैड पर तबाही

केप कैनावेरल में परीक्षण के दौरान तकनीकी खराबी से रॉकेट में विस्फोट, कोई हताहत नहीं

वॉशिंगटन डी.सी. : अमेरिकी अरबपति जेफ बेजोस के अंतरिक्ष मिशन की महत्वाकांक्षी योजना को बड़ा झटका लगा है। उनकी अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजिन द्वारा विकसित रॉकेट ‘न्यू ग्लेन’ के परीक्षण प्रक्षेपण के दौरान विस्फोट हो गया। यह घटना उस समय हुई जब यह रॉकेट अपने प्रायोगिक लॉन्च की तैयारी में था और परीक्षण चरण में “हॉट-फायर टेस्ट” किया जा रहा था।

गुरुवार को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित केप कैनावेरल में परीक्षण के दौरान अचानक यह दुर्घटना हुई। इसी दौरान रॉकेट में तकनीकी गड़बड़ी (“एनोमली”) सामने आई, जिसके बाद देखते ही देखते तेज विस्फोट हुआ और पूरा लॉन्च पैड आग और धुएँ से भर गया। हालांकि इस हादसे में किसी भी कर्मचारी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

ब्लू ओरिजिन ने बताया कि यह परीक्षण रॉकेट को ज़मीन पर स्थिर रखकर किया जा रहा था, जिसमें इंजन को सक्रिय कर सिस्टम की जांच की जाती है, लेकिन इसी प्रक्रिया के दौरान यह विस्फोट हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

घटना के बाद जेफ बेज़ोस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि यह “बहुत खराब दिन” है, लेकिन उनकी टीम फिर से प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

‘न्यू ग्लेन’ रॉकेट ब्लू ओरिजिन का एक भारी-भरकम (हेवी-लिफ्ट) रॉकेट है, जिसे विशेष रूप से स्पेसएक्स जैसी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा के लिए विकसित किया गया है। इस परियोजना पर एक दशक से अधिक समय से काम चल रहा है और इसे पुन: उपयोग योग्य (रीयूजेबल) बनाया गया है। इसे भविष्य में चंद्र मिशनों और उपग्रह प्रक्षेपण के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।

हाल ही में नासा ने ब्लू ओरिजिन के साथ चंद्र अभियानों से संबंधित महत्वपूर्ण समझौते किए थे। कंपनी नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम और भविष्य के चंद्र आधार (मून बेस) परियोजना का हिस्सा बनने की दौड़ में भी शामिल है। ऐसे में यह दुर्घटना उसकी भविष्य की योजनाओं पर असर डाल सकती है।

यह पहली बार नहीं है जब ‘न्यू ग्लेन’ परियोजना को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले इसी वर्ष अप्रैल में एक व्यावसायिक प्रक्षेपण के दौरान रॉकेट ने उपग्रह को गलत कक्षा में स्थापित कर दिया था, जिसकी जांच भी शुरू हुई थी।

इस घटना के बाद नासा और संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि निजी अंतरिक्ष प्रतिस्पर्धा के इस दौर में यह ब्लू ओरिजिन के लिए एक बड़ा झटका है हालांकि कंपनी के फिर से उभरने की संभावना बनी हुई है। वहीं एलन मस्क ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि रॉकेट बनाना बहुत कठिन काम है।

Articles you may like: