लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से गुरुवार को भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहे। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार बांदा राज्य को सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान भी माना जा रहा है।
आईएमडी के लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक झांसी में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद उरई में 44.8 डिग्री सेल्सियस और आगरा में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कानपुर शहर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अलीगढ़ में पारा 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हमीरपुर और लखीमपुर खीरी में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला। इन दोनों जिलों में क्रमशः 42.2 डिग्री सेल्सियस और 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रयागराज में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोनभद्र के चुरक क्षेत्र में तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई है। आईएमडी के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज आंधी, बिजली चमकने और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। यहां हवा की गति 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
आईएमडी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई है। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि होने का भी अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में लखनऊ में अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।