नागेरबाजार फ्लाईओवर पर भयानक हादसा। तेज रफ्तार लापरवाह गाड़ी ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। घटना गुरुवार (28 मई) की दोपहर की बतायी जाती है। आरोप है कि तेज रफ्तार से आती एक गाड़ी ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में बाइक सवार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट की तरफ से एक गाड़ी नागेरबाजार की तरफ जा रही थी। उसी समय विपरीत दिशा से एक बाइक सवार फ्लाईओवर के बिल्कुल किनारे से होकर एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि उक्त गाड़ी की रफ्तार काफी अधिक थी। अचानक अनियंत्रित होकर गाड़ी ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
Read Also | अभिषेक बनर्जी पर बढ़ा दबाव, KMC ने मांगा उनकी व परिजनों की संपत्ति का नक्शा, अग्निमित्रा पॉल ने साधा निशाना
टक्कर मारते ही बाइक सवार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। दुर्घटना के बाद बाइक के टूटे हुए हिस्से चारों तरफ बिखरे पड़े थे। बताया जाता है कि उक्त गाड़ी ने एक और बाइक सवार को भी जोरदार टक्कर मारी लेकिन वह किसी प्रकार से बच गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही मौके पर नागेरबाजार थाना की पुलिस पहुंच गयी। गाड़ी के ड्राईवर को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी और बाइक को थाना में लाया गया।
पुलिस दुर्घटना के कारणों, गाड़ी की रफ्तार, गाड़ी चलाते समय ड्राईवर ने कहीं शराब तो नहीं पी रखी थी, आदि की जांच कर रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नागेरबाजार फ्लाईओवर से होकर पिछले लंबे समय गाड़ियां अनियंत्रित होकर आवाजाही कर रही थी। फ्लाईओवर पर कई बार दुर्घटनाएं भी घट चुकी हैं। इसके बावजूद न तो निगरानी की जा रही है और न ही गाड़ियों की तेज रफ्तार पर कोई नियंत्रण किया जा रहा है।