बर्न : स्विट्जरलैंड के एक रेलवे स्टेशन पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए। गुरुवार सुबह स्विट्जरलैंड के छठे सबसे बड़े शहर विंटरथुर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर व्यस्त समय के दौरान यह हमला हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों के अनुसार हमलावर 31 वर्षीय स्विस-तुर्की नागरिक है। बताया गया है कि वह मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था। अधिकारियों ने कहा कि उसने अचानक लोगों पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। प्रशासन ने इस घटना को “आतंकी हमला” भी बताया है।
हमले के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हमला करते समय आरोपी “अल्लाहु अकबर” चिल्ला रहा था। चिल्लाते हुए उसने कई लोगों पर हमला किया।
स्विट्जरलैंड पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक यह हमला गुरुवार सुबह स्थानीय समयानुसार लगभग साढ़े आठ बजे विंटरथुर रेलवे स्टेशन पर हुआ।
स्थानीय पुलिस अधिकारी मारियास वेयरमान ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं को सूचना मिलने के पाँच मिनट के भीतर ही संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया। क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख ने कहा कि गिरफ्तार युवक विंटरथुर में ही रहता है और वह स्विस-तुर्की दोहरी नागरिकता रखता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्ष 2015 में वह युवक कथित तौर पर इस्लामिक स्टेट के प्रचार से जुड़ी गतिविधियों के कारण जांच के दायरे में आया था। लगभग दस वर्ष पहले उसे गिरफ्तार भी किया गया था। हाल के दिनों में उसने पुलिस के आपातकालीन नंबर पर फोन करके कई भ्रामक टिप्पणियाँ की थीं। इसके बाद उसे एक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था।
बताया गया कि एक चिकित्सक ने उसे “खतरनाक नहीं” घोषित किया था, जिसके बाद बुधवार को उसे छोड़ दिया गया। इसके अगले ही दिन उसने यह हमला कर दिया। पुलिस का मानना है कि उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया। घायलों में से दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि एक बुज़ुर्ग व्यक्ति अब भी उपचाराधीन है।