🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

राज्यपाल ने स्वीकारा सिद्धारमैया का इस्तीफा, कांग्रेस नई कैबिनेट के गठन में जुटी

राज्यपाल ने मंत्रिपरिषद भंग की, नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू, नई कैबिनेट में कई पुराने चेहरों की छुट्टी संभव।

By श्वेता सिंह

May 29, 2026 10:46 IST

बेंगलुरुः कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच आखिरकार सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उनके नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक सिद्धारमैया कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

लोक भवन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया कि संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत राज्यपाल ने मुख्यमंत्री का इस्तीफा मंजूर करते हुए मंत्रिपरिषद को समाप्त करने का फैसला लिया। यह घटनाक्रम कांग्रेस आलाकमान के निर्देश के बाद सामने आया है।

दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ अहम बैठक

कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व सक्रिय हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। बैठक में पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला भी मौजूद रहेंगे।

सूत्रों के अनुसार चर्चा का मुख्य केंद्र नई कैबिनेट की रूपरेखा, राज्यसभा चुनाव और विधान परिषद के उम्मीदवारों के चयन पर रहेगा। पार्टी नेतृत्व सरकार और संगठन दोनों में संतुलन बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है।

नई कैबिनेट में कई पुराने चेहरों की छुट्टी संभव

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि सिद्धारमैया सरकार के कई मौजूदा मंत्रियों को नई कैबिनेट में जगह नहीं मिल सकती। पार्टी इस बार क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका देने की तैयारी में है।

इसी रणनीति के तहत चार उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। माना जा रहा है कि अलग-अलग समुदायों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देकर कांग्रेस आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए मजबूत संदेश देना चाहती है।

यतीन्द्र को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि सिद्धारमैया के बेटे और विधान परिषद सदस्य यतीन्द्र को नई सरकार में शामिल किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें महत्वपूर्ण मंत्रालय देकर कांग्रेस सिद्धारमैया के राजनीतिक प्रभाव और उनके समर्थक वर्ग को साधने की कोशिश कर सकती है।

दिल्ली रवाना हुए सिद्धारमैया का विमान खराब मौसम की वजह से जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। जयपुर एयरपोर्ट पर पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनकी और रणदीप सुरजेवाला की अगवानी की।

बाद में सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर अशोक गहलोत के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए इसे सौहार्दपूर्ण मुलाकात बताया।

जल्द होगी विधायक दल की बैठक

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस विधायक दल की बैठक जल्द बुलाई जा सकती है। इस बैठक में डी.के. शिवकुमार को औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। इसके बाद उनके मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण तिथि घोषित की जाएगी।

राज्यसभा चुनाव पर भी कांग्रेस की नजर

राज्य में राज्यसभा की चार सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भी कांग्रेस रणनीति बनाने में जुटी है। पार्टी दो सीटों पर मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है, जबकि तीसरी सीट पर भी उसे बढ़त मिलने की उम्मीद है। इसी वजह से संगठन और सरकार में तालमेल को लेकर लगातार मंथन जारी है।

Articles you may like: