ओस्लो : नॉर्वे शतरंज 2026 के चौथे दौर में एक बार फिर रोमांच और उच्चस्तरीय मुकाबले देखने को मिले। दिन का सबसे चर्चित मुकाबला विश्व नंबर-1 मैग्नस कार्लसन और मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश के बीच खेला गया, जिस पर पूरी शतरंज दुनिया की नजरें टिकी हुई थीं।
काले मोहरों से खेलते हुए मैग्नस कार्लसन ने डी गुकेश के खिलाफ क्लासिकल मुकाबले में बेहद महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। लंबे समय तक यह मुकाबला बराबरी पर चलता रहा, लेकिन मध्य खेल में कार्लसन ने धीरे-धीरे स्थिति पर पकड़ बनानी शुरू कर दी।
जैसे-जैसे दबाव बढ़ता गया और समय कम होता गया, डी गुकेश अपनी स्थिति को संभाल नहीं सके। इसका फायदा उठाते हुए कार्लसन ने बढ़त को जीत में बदल दिया। टूर्नामेंट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यह जीत कार्लसन के लिए बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि घरेलू सरजमीं पर टूर्नामेंट की धीमी शुरुआत के बाद अब उन्होंने लय पकड़नी शुरू कर दी है।
ओपन वर्ग के अन्य दोनों मुकाबले क्लासिकल समय नियंत्रण में ड्रॉ रहे, जिसके बाद नतीजा आर्मागेडन टाईब्रेकर से निकाला गया।
वेस्ली सो और अलीरेज़ा फिरोज़ा के बीच मुकाबला बेहद संतुलित रहा। दोनों खिलाड़ियों में से कोई भी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका और क्लासिकल गेम ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसके बाद खेले गए आर्मागेडन मुकाबले में वेस्ली सो ने बाजी मारते हुए अतिरिक्त अंक हासिल किए।
एक अन्य मुकाबले में विन्सेंट कीमर और आर प्रज्ञानानंदा के बीच भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों खिलाड़ियों के बीच क्लासिकल गेम बराबरी पर समाप्त हुआ। हालांकि आर्मागेडन टाईब्रेकर में आर प्रज्ञानानंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और अतिरिक्त अंक अपने नाम किए।
चार दौरों के बाद अलीरेज़ा फिरोज़ा अभी भी अंक तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि मैग्नस कार्लसन की इस जीत से उनकी स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है।
महिला वर्ग में भी तीनों क्लासिकल मुकाबले ड्रॉ रहे, जिसके बाद आर्मागेडन मुकाबलों के जरिए विजेता तय किए गए।
कोनेरू हम्पी और झू जिनेर के बीच मुकाबला काफी तनावपूर्ण रहा और क्लासिकल गेम ड्रॉ पर समाप्त हुआ। बाद में झू जिनेर ने आर्मागेडन में जीत दर्ज कर बोनस अंक हासिल किया।
मौजूदा महिला विश्व चैंपियन जू वेनजुन और बिबिसारा असाउबायेवा के बीच भी क्लासिकल मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद आर्मागेडन मुकाबले में बिबिसारा असाउबायेवा ने जीत हासिल की।
तीसरे मुकाबले में भारत की युवा खिलाड़ी दिव्या देशमुख ने अन्ना मुज़ीचुक के खिलाफ मध्य खेल में लंबे समय तक बढ़त बनाए रखी। हालांकि क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन आर्मागेडन में अन्ना मुजीचुक ने जीत दर्ज कर ली।
चौथे दौर के बाद बिबिसारा असाउबायेवा नॉर्वे शतरंज महिला वर्ग की अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई हैं। वहीं अन्ना मुजीचुक, दिव्या देशमुख और झू जिनेर भी खिताब की दौड़ में मजबूती से बनी हुई हैं।