अमेरिकी धन कुबेर जेफ बोजोस (Jeff Bezos) के अंतरिक्ष मिशन को बड़ा झटका लगा है। लॉन्च पैड पर ही 'ब्लू ओरिजिन' (Blue Origin) का रॉकेट तेज विस्फोट के साथ नष्ट हो गया। एलन मस्क (Elon Musk) को टक्कर देने के उद्देश्य से बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी Blue Origin ने शक्तिशाली न्यू ग्लेन (New Glenn) रॉकेट विकसित किया था। लेकिन रॉकेट के परीक्षण लॉन्च के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
गुरुवार (28 मई) को फ्लोरिडा के केप कैनावेरल में ‘हॉट-फायर टेस्ट’ के दौरान भीषण विस्फोट हुआ जिसमें रॉकेट पूरी तरह नष्ट हो गया। कुछ ही पलों में पूरा लॉन्च पैड आग की लपटों और धुएं से घिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी कर्मचारी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
इस बाबत ब्लू ओरिजिन की ओर से बताया गया है कि परीक्षण के दौरान एक ‘एनॉमली’ यानी तकनीकी खराबी सामने आई। हॉट-फायर टेस्ट में आमतौर पर रॉकेट को जमीन पर स्थिर रखकर उसके इंजन चलाए जाते हैं ताकि लॉन्च से पहले सभी सिस्टम की जांच की जा सके।
लेकिन इसी परीक्षण के दौरान न्यू ग्लेन (New Glenn) रॉकेट में अचानक विस्फोट हो गया। कुछ ही पलों में पूरा रॉकेट आग के गोले में बदल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Sound synchronized from @NASASpaceflight footage pic.twitter.com/EWr9t8iegP
— Scott Manley (@DJSnM) May 29, 2026
घटना के बाद जेफ बोजोस ने अपने X हैंडल पर एक पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने लिखा है कि आज बहुत खराब दिन है लेकिन हम फिर से वापसी करेंगे। उन्होंने यह भी कहा है कि उनकी कंपनी के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।
बता दें, न्यू ग्लेन ब्लू ओरिजिन का बहुप्रतीक्षित हेवी-लिफ्ट रॉकेट है जिसे जेफ बेजोस की कंपनी ने स्पेसX (SpaceX) के साथ प्रतिस्पर्धा के लिए विकसित किया है। बताया जाता है कि पिछले करीब 1 दशक से इस रॉकेट पर काम चल रहा है। 2025 में पहली बार इसे सफलतापूर्वक कक्षा (Orbit) में पहुंचाया गया था। खास बात है कि यह रियूजेबल है।
All personnel are accounted for and safe. Its too early to know the root cause but were already working to find it. Very rough day, but well rebuild whatever needs rebuilding and get back to flying. Its worth it.
— Jeff Bezos (@JeffBezos) May 29, 2026
भविष्य में इसे चांद पर सामानों को भेजने और सैटेलाइट लॉन्च के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल ही में NASA ने ब्लू ओरिजिन के साथ चंद्र अभियानों के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता भी किया है।
यह कंपनी नासा के भविष्य के 'मून बेस' परियोजना और आर्टेमिस प्रोग्राम (Artemis Program) का हिस्सा बनने की दौड़ में भी शामिल है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह दुर्घटना ब्लू ओरिजिन की भविष्य की योजनाओं पर बड़ा असर डाल सकती है।
इस घटना के बाद NASA और संबंधित अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारों का कहना है कि निजी अंतरिक्ष प्रतिस्पर्धा में ब्लू ओरिजिन के लिए यह एक बड़ा झटका है लेकिन कंपनी इसके बावजूद दोबारा मजबूती से वापसी करने की कोशिश करेगी। वहीं एलन मस्क ने इस दुर्घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि रॉकेट बनाना कोई आसान काम नहीं है। यह बेहद कठिन प्रक्रिया है।