🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

लखनऊ में भाजपा युवा नेता शिवम सिंह हत्याकांड का खुलासा, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में सफलता, हत्या में इस्तेमाल पत्थर बरामद, एक अभियुक्त फरार।

By डॉ. अभिज्ञात

May 31, 2026 01:05 IST

लखनऊ (उत्तर प्रदेश): लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में भाजपा युवा नेता शिवम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच, स्वाट/सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत की गई। पुलिस के अनुसार 25 और 26 मई की दरम्यानी रात शिवम सिंह पर पत्थरों से हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शान्तनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक और विवेक सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल एक अन्य अभियुक्त अनुज सिंह, जो आजमगढ़ जिले का निवासी है, अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

पूर्वी लखनऊ के अपर पुलिस उपायुक्त अमोल मुरकुटे ने कहा कि भाजपा युवा नेता शिवम सिंह हत्याकांड के खुलासे में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस के समन्वित प्रयास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। फरार अभियुक्त अनुज सिंह की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें सक्रिय हैं। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है और फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी है।

Articles you may like: