🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अभिषेक बनर्जी पर हमले की ममता बनर्जी ने की आलोचना, 'इंडिया' गठबंधन के सहयोगियों ने की कड़ी निंदा

ममता बनर्जी ने कहा, 'शासक ही हत्यारा बन गया। भाजपा को शर्म आनी चाहिए।'

By Moumita Bhattacharya

May 30, 2026 19:39 IST

सोनारपुर में राजनीति हिंसा का शिकार बने पार्टी के मृत कार्यकर्ता के घर पर तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी को विरोध-प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। आरोप है कि रास्ते में उनको पीटा भी गया है। इस घटना को लेकर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

अपने X हैंडल पर एक पोस्ट कर उन्होंने लिखा है, 'शासक ही हत्यारा बन गया। भाजपा को शर्म आनी चाहिए।' सिर्फ ममता बनर्जी ही नहीं बल्कि इस घटना पर राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन इंडिया (INDIA) गठबंधन के सहयोगी पार्टियां भी मुखर हुई हैं।

अपने X हैंडल पर इस बारे में पोस्ट कर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस घटना की निंदा की है।

Read Also | वे मुझे मारना चाहते हैं... सोनारपुर की घटना पर अभिषेक बनर्जी की पहली प्रतिक्रिया

हालांकि भाजपा का दावा है कि सोनारपुर की घटना में उनका कोई हाथ नहीं है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि इस घटना से भाजपा जुड़ा हुआ नहीं है। उन्होंने कहा कि तृणमूल ने दक्षिण 24 परगना में जो किया है, भाजपा अगर चाहती तो तृणमूल नेता घर से बाहर नहीं निकल पाते। भाजपा ने संयम बरकरार रखा है इसलिए अभिषेक बनर्जी सोनारपुर तक पहुंच सकें।

इस घटना के विरोध में सोशल मीडिया पर तृणमूल ने अपना बयान जारी किया है। X हैंडल पर पर पोस्ट कर तृणमूल की तरफ से लिखा गया है कि निर्मम हमले के बाद भी अभिषेक बनर्जी शोकाकुल संजू कर्मकार के परिवार को छोड़ना नहीं चाहते थे। भाजपा समर्थित उपद्रवियों के सामने हमारे राष्ट्रीय महासचिव ने पीठ नहीं दिखाई। इसके विपरीत उन्होंने भाजपा समर्थित गुंडों द्वारा प्रभावित परिवार के साथ खड़े होकर उनका साथ दिया।

यही सहानुभूति की राजनीति और घृणा की राजनीति के बीच का अंतर है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को संबोधित करते हुए पार्टी की ओर से लिखा गया है कि आज की घटना ने एक बार फिर आपकी राजनीति के तरीके को उजागर कर दिया है। जो डराने-धमकाने, हिंसा और प्रतिशोध की भावना पर आधारित है।

Read Also | सोनारपुर के रास्ते में अभिषेक बनर्जी से मारपीट का आरोप, फाड़े गए उनके कपड़े

साथ ही समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना की आलोचना करते हुए X हैंडल पर लिखा है कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के महत्वपूर्ण नेता अभिषेक बनर्जी के ऊपर जानलेवा हमला करवाकर बंगाल की अराजक भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि भाजपा नफरत भरी नकारात्मक हिंसक राजनीति के सिवा और कुछ नहीं कर सकती है। इतने संवेदनशील वातावरण में भी पुलिस की व्यवस्था न होना एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। घोर निंदनीय!

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की कड़ी निंदा

अपने X पोस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा है कि राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने के दौरान सोनारपुर में सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं। एक प्रमुख विपक्षी नेता को जानबूझकर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा न देना भाजपा की प्रतिशोध और दमन की राजनीति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार और केंद्र सरकार को सभी विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और ऐसे हमलों को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। राजनीतिक मतभेद किसी भी प्रकार की हिंसा को उचित नहीं ठहरा सकते।

Articles you may like: