पश्चिम बंगाल की डबल इंजन सरकार ने जरूरतमंद महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना की घोषणा की है। अगर आप भी 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना का फॉर्म भरने वाली हैं तो फॉर्म भरने से पहले कौन-कौन से दस्तावेजों को अपने पास तैयार रखेंगी? कौन-कौन सी जानकारियां मांगी गयी है?
बता दें, इस योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को ₹3000 की आर्थिक मदद पहुंचायी जाएगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना का फॉर्म भी जारी कर दिया है, जिसमें संपत्ति से जुड़ी कई जानकारियां मांगी गयी हैं।
यहां जान लिजीए सभी जानकारियां -
कहां से फॉर्म करेंगी डाउलोड?
'अन्नपूर्णा भंडार' योजना के लिए ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फॉर्म भरा जा सकेगा। फॉर्म डाउनलोड करने के लिए आपको annapurnabhandarwb.com पर जाना पड़ेगा। यहां से फॉर्म डाउनलोड कर उसे अच्छी तरह से भरकर जमा देना होगा।
फॉर्म में मांगी गयी हैं कौन-कौन सी जानकारियां?
'अन्नपूर्णा भंडार' योजना का फॉर्म भरते समय जिन दस्तावेजों को अपने पास रखने की जरूरत है उनकी सूची आगे दी जा रही है : -
- परिवार के मुखिया का आधार कार्ड (मुखिया का नाम, जन्म तारीख, पता, लिंग, आधार नंबर फॉर्म में भरना होगा)
- परिवार के प्रत्येक वयस्क सदस्य का बैंक अकाउंट नंबर और आधार कार्ड नंबर
- परिवार के प्रत्येक वयस्क सदस्य का वोटर कार्ड नंबर (EPIC), विधानसभा केंद्र और पार्ट नंबर
- डिजिटल राशन कार्ड (अगर उपलब्ध है) का नंबर
- परिवार के प्रत्येक सदस्य के पैन कार्ड का नंबर
- परिवार के सदस्यों के नाम पर रजिस्टर्ड निजी जमीन का ब्यौरा
- म्यूटेशन से संबंधित दस्तावेज का ब्यौरा
- परिवार के किसी सदस्य के नाम पर निजी गाड़ी रजिस्टर्ड है या नहीं
- घर किस प्रकार का है - कच्चा अथवा पक्का।
- घर में 3 या उससे अधिक कमरे हैं या नहीं
- लाभार्थी खुद या परिवार का कोई राज्य सरकार की किसी सुविधा का लाभार्थी होने पर उसका ब्यौरा जैसे - स्वास्थ्य बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्यजीवी क्रेडिट कार्ड, शिक्षार्थी क्रेडिट कार्ड
- परिवार के प्रत्येक सदस्य के पेशे से संबंधित जानकारी
- परिवार के प्रत्येक शिक्षित सदस्य के सर्वोच्य शिक्षा का ब्यौरा और उससे संबंधित सर्टिफिकेट
- परिवार में अगर छोटा बच्चा है तो वह कौन सी क्लास में पढ़ता है
- परिवार की कुल वार्षिक आय का ब्यौरा
- परिवार का कोई सदस्य आयकर देता है या नहीं, सरकारी पेंशनभोगी है या नहीं, व्यवसाय करने पर जीएसटी देते हैं या नहीं
Read Also | रविवार को 8 घंटों के लिए बंद रहेगा द्वितीय हुगली ब्रिज, जानिए क्या होगा वैकल्पिक रास्ता
क्यों मांगी जा रही है इतनी जानकारियां?
इस बारे में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि जो भारतीय नागरिक हैं और आर्थिक रूप से पिछड़े हुए हैं सिर्फ ऐसी महिलाओं को ही 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना का लाभ मिले। इसे सुनिश्चित करने के लिए ही इतनी जानकारियां मांगी गयी है। आनंदबाजार पत्रिका की रिपोर्ट में मुख्यमंत्री के हवाले से दावा किया गया है कि बाद में विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए इन जानकारियों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
बता दें, सरकार की ओर से बताया गया है कि पूर्व में जिन लाभार्थियों को 'लक्ष्मी भंडार' योजना का लाभ मिलता था, उन्हें भी 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना का फॉर्म भरना होगा। जब तक 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना शुरू नहीं हो जाती है, तब तक 'लक्ष्मी भंडार' योजना चलेगी। 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना के शुरू होते ही पूर्व की योजना को बंद कर दिया जाएगा।