ओटावा : कनाडा में भारतीयों से जुड़ी दुखद घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार केरल के एक युवक की भालू के हमले में मौत हो गई। यह घटना 8 मई को हुई थी, हालांकि इसकी जानकारी बाद में व्यापक रूप से सामने आई। हादसा कनाडा के पश्चिमी हिस्से में स्थित सास्काचेवान प्रांत के एक दूरदराज़ क्षेत्र में हुआ, जहां एक कंपनी यूरेनियम की खोज संबंधी परियोजना पर काम कर रही थी। मृतक युवक वहीं कार्यरत था। भालू के हमले के बाद वहां मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने गोली मारकर उस जानवर को ढेर कर दिया।
सरकारी सूत्रों के अनुसार मृतक का नाम ऋषिकेश कोलोथ था और उनकी आयु 27 वर्ष थी। केरल के रहने वाले ऋषिकेश का सपना मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में करियर बनाने का था। वह लगभग तीन वर्ष पहले अपने बड़े भाई अर्जुन के पास कनाडा गए थे। अर्जुन ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के पेंटिक्टन शहर में रहते हैं।
घटना के समय ऋषिकेश वैंकूवर स्थित कंपनी यूरेनियमएक्स डिस्कवरी कॉर्प में अनुबंध तकनीशियन के रूप में कार्य कर रहे थे। उनका कार्यस्थल सास्काचेवान प्रांत के सबसे बड़े शहर सास्काटून से लगभग 850 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित नॉर्डबाय झील के निकट था।
कनाडा में नौकरी करने के साथ-साथ ऋषिकेश ने एक दशक से अधिक समय तक मुक्केबाजी का प्रशिक्षण भी लिया था। उनके बड़े भाई अर्जुन के अनुसार, वह पेशेवर एमएमए खिलाड़ी बनने का सपना देखते थे। उनकी इच्छा थी कि एक दिन उन्हें अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप (यूएफसी) में भाग लेने का अवसर मिले।
जिस कंपनी के लिए ऋषिकेश कार्यरत थे, उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसेन बोल्डखू ने शोक संदेश जारी करते हुए कहा इस दुखद घटना से हम अत्यंत व्यथित हैं। विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत हमारे सभी कर्मचारियों और अनुबंधित कर्मियों की सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। घटना की जांच सास्काचेवान वन्यजीव संरक्षण विभाग और रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस द्वारा की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार, सास्काचेवान प्रांत में भालू के हमले से मानव मृत्यु की घटनाएं अत्यंत दुर्लभ हैं। ऋषिकेश कोलोथ की मौत इस प्रांत में भालू के हमले से हुई चौथी मृत्यु मानी जा रही है। इससे पहले ऐसी घटना अगस्त 2020 में सामने आई थी, जब बफ़ेलो नैरोज क्षेत्र के निकट 44 वर्षीय एक महिला की भालू के हमले में जान चली गई थी।