लखनऊः देश की प्रमुख पेंट निर्माता कंपनी बर्जर पेंट्स उत्तर प्रदेश में अपने कारोबार को नई गति देने की तैयारी में है। कंपनी अब छोटे शहरों और ग्रामीण बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर जोर दे रही है। उत्तर प्रदेश को कंपनी अपने सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल मानती है और आने वाले वर्षों में यहां बड़े अवसर देख रही है।
बर्जर पेंट्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिजीत रॉय ने बताया कि कंपनी उन क्षेत्रों में अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है जहां अभी उसकी मौजूदगी अपेक्षाकृत कम है। फिलहाल मध्य उत्तर प्रदेश में कंपनी की स्थिति मजबूत है, लेकिन अब पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नेटवर्क का विस्तार प्राथमिकता में है।
कंपनी के पास वर्तमान में राज्यभर में 6,000 से अधिक डीलरों का नेटवर्क है। इसके बावजूद कंपनी नए बाजारों में प्रवेश करने और जमीनी स्तर पर अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। खासतौर पर छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में मांग बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए वितरण व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
कंपनी के अनुसार, उत्तर प्रदेश से उसे हर साल लगभग 1,500 करोड़ रुपये का कारोबार प्राप्त होता है। औद्योगिक गतिविधियों में तेजी, शहरीकरण और बुनियादी ढांचे के विस्तार के कारण राज्य में पेंट और कोटिंग्स उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।
बर्जर पेंट्स ने लखनऊ के पास संडीला स्थित अपने विनिर्माण संयंत्र में अब तक 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इसके अलावा क्षमता विस्तार के लिए करीब 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश भी किया गया है। इस इकाई में सजावटी पेंट्स के साथ औद्योगिक कोटिंग्स का भी उत्पादन किया जाता है।
लॉजिस्टिक्स और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कंपनी राज्य में दो नए वेयरहाउस स्थापित करने की संभावना पर भी विचार कर रही है। इससे उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी और ग्राहकों तक तेजी से पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।
अभिजीत रॉय के अनुसार, उत्तर प्रदेश में सजावटी पेंट्स के अलावा प्रोटेक्टिव कोटिंग्स और पाउडर कोटिंग्स जैसे क्षेत्रों में भी तेज वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में कंपनी का कारोबार 12 से 15 प्रतिशत की दर से बढ़ा है और भविष्य में भी यह रफ्तार बनी रहने की उम्मीद है।
उन्होंने निवेश को बढ़ावा देने के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग की भी सराहना की और कहा कि राज्य में कारोबार विस्तार का अनुभव सकारात्मक रहा है। कंपनी का मानना है कि औद्योगिक विकास और बढ़ते निर्माण कार्यों के चलते उत्तर प्रदेश आने वाले समय में उसके लिए और भी महत्वपूर्ण बाजार बनकर उभरेगा।